Punjab News: पंजाब में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के कारण मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज राज्य के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, यह राहत लंबे समय तक टिकने वाली नहीं है। वीरवार से तापमान में वृद्धि शुरू हो गई है, जिसके चलते विभाग ने 17 मई से राज्य के कई हिस्सों में लू (Heatwave) चलने की गंभीर चेतावनी जारी की है।
फरीदकोट रहा राज्य का सबसे गर्म जिला
मौसम विभाग द्वारा बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, फरीदकोट पंजाब का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बठिंडा में पारा 43.4 डिग्री और फाजिल्का में 40.7 डिग्री तक पहुंच गया। अमृतसर में बीते दिन हुई 12.6 मिलीमीटर बारिश ने स्थानीय लोगों को गर्मी से मामूली राहत दी, लेकिन राज्य के औसत अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
इन जिलों के लिए जारी किया गया यलो अलर्ट
14 मई को पंजाब के गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, पटियाला और बठिंडा सहित कई जिलों में तेज हवाओं और बिजली कड़कने की संभावना है। 15 और 16 मई को मौसम काफी हद तक सामान्य रहेगा, लेकिन 17 मई से फाजिल्का, मुक्तसर, फिरोजपुर, फरीदकोट और बरनाला जैसे दक्षिण-पश्चिमी जिलों में भीषण लू को लेकर यलो अलर्ट प्रभावी हो जाएगा। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घरों के भीतर रहने की सलाह दी है।
स्वास्थ्य और फसलों के प्रति रहें सावधान
पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होते ही पंजाब में अब झुलसाने वाली गर्मी का दौर शुरू होने वाला है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बदलती परिस्थितियों को देखते हुए बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है। किसानों को भी अपनी फसलों और पशुओं को गर्म हवाओं से बचाने के उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि वे लू से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और हल्के सूती कपड़े पहनें।

