हरियाणा और हिमाचल में मौसम का मिजाज बदला: आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

Haryana News: उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते हरियाणा के मौसम में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 14 मई तक प्रदेश का मौसम परिवर्तनशील रहेगा। आज राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 15 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल जैसे जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है। 16 और 17 मई को धूलभरी आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश से तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

हिमाचल प्रदेश में ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम के मिजाज तल्ख रहने की आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 16 मई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 13 मई को कुछ इलाकों में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिसके साथ ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। हालांकि, 18 मई से मौसम के दोबारा शुष्क होने का अनुमान है।

तापमान में गिरावट और पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव

पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल के सलूणी, भरमौर और पालमपुर जैसे क्षेत्रों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई है। इस बारिश के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। वर्तमान में केलोंग राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तर पाकिस्तान के पास सक्रिय विक्षोभ और 15 मई से आने वाले नए सिस्टम के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में यह बदलाव जारी रहेगा।

Hot this week

Related News

Popular Categories