Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में दहेज लोभियों की वजह से एक और बेटी की खुशियां शादी की दहलीज पर आकर उजड़ गईं। बुलंदशहर रोड स्थित एक मैरिज होम में शादी की रस्में चल रही थीं, लेकिन तभी दूल्हा पक्ष ने दहेज की बड़ी मांग रख दी। 10 लाख रुपये नकद और स्कार्पियो कार न मिलने पर दूल्हे ने हंगामा शुरू कर दिया। जयमाला से ठीक पहले शादी टूट गई और पीड़ित परिवार ने अब पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
सगाई के बाद से ही बन रहा था दहेज का दबाव
पीड़ित अधिवक्ता हरीश कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन की शादी गाजियाबाद के विजयनगर निवासी मयंक सिंह के साथ तय हुई थी। 25 अप्रैल 2026 को बारात बुलंदशहर रोड स्थित एक बैंकट हॉल में पहुंची थी। आरोप है कि सगाई होने के बाद से ही मयंक और उसके माता-पिता लगातार कीमती गाड़ी और भारी नकदी की मांग कर रहे थे। वधू पक्ष ने रिश्तेदारों के माध्यम से समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन लालची ससुराल वाले अपनी जिद्द पर अड़े रहे।
नशे में धुत दूल्हे ने किया जमकर हंगामा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूल्हा मयंक सिंह समारोह स्थल पर शराब के नशे में पहुंचा था। चढ़त के दौरान उसने लड़की वालों के साथ अभद्रता की और अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। दूल्हे के पक्ष के कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने के लिए अपने निजी हथियारों से हर्ष फायरिंग भी की। इससे विवाह स्थल पर मौजूद मेहमानों के बीच डर और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। आरोपितों ने साफ कह दिया कि मांग पूरी न होने तक जयमाला नहीं होगी।
बीमारी का बहाना बनाकर गहने ले उड़ा दूल्हा
जब विवाद बढ़ा, तो दूल्हे मयंक ने अचानक तबीयत बिगड़ने और बेहोश होने का नाटक किया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां से वह मौका पाकर फरार हो गया। आरोप है कि भागते समय वह कीमती जेवरात और अन्य सामान भी अपने साथ ले गया। पीड़ित परिवार ने जब इसका विरोध किया, तो दूल्हे के पिता महेंद्र सिंह और अन्य रिश्तेदारों ने उन्हें चुप रहने की धमकी दी और पूरे परिवार को जान से मारने की बात कही।
पुलिस ने दर्ज किया केस, गिरफ्तारी की तैयारी
घटना के बाद पीड़ित परिवार गहरे मानसिक और सामाजिक आघात में है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर पर मयंक सिंह, उसके पिता महेंद्र सिंह, माता रविता सिंह और बहन वर्षा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। विभाग का कहना है कि सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने और दहेज उत्पीड़न के इस गंभीर मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


