Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में सोमवार की सुबह एक बेहद चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। अस्पताल परिसर में हुई इस हिंसक घटना से मरीजों और तीमारदारों के बीच अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को मौके पर मौजूद उग्र भीड़ ने दबोच लिया। गुस्साए लोगों ने पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर की जमकर पिटाई की।
अस्पताल के वॉर्ड में घुसकर महिला पर दागी गोलियां
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि मृतका की पहचान 55 वर्षीय लक्ष्मीना देवी के रूप में हुई है। लक्ष्मीना बिहार के भभुआ जिले की रहने वाली थी और पैर की हड्डी टूटने के कारण यहां भर्ती थी। हाल ही में उनका ऑपरेशन हुआ था और वह वॉर्ड में रिकवर कर रही थीं। सुबह करीब 6:30 बजे हमलावर दवा लेने के बहाने अस्पताल के भीतर घुसा और सीधे महिला के वॉर्ड तक पहुंच गया। वहां उसने लक्ष्मीना को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
फायरिंग कर भाग रहे आरोपी को भीड़ ने दबोचा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिस्टल लहराते हुए और हवा में गोलीबारी करते हुए बाहर भागा। उसे भागता देख अस्पताल के कर्मचारियों और बाहर खड़े लोगों ने साहस दिखाया और उसे चारों तरफ से घेर लिया। भीड़ ने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है।
अमृतसर का रहने वाला है आरोपी गुरप्रीत
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी गुरप्रीत के रूप में दी है। गुरप्रीत का दावा है कि वह चंदौली में सुरक्षा गार्ड की नौकरी तलाशने के उद्देश्य से आया था। हालांकि, एक पेशेवर अपराधी की तरह अस्पताल में घुसकर महिला की हत्या करने की उसकी थ्योरी पर पुलिस को संदेह है। पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि अमृतसर से चंदौली आकर इस हत्याकांड को अंजाम देने के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है।
हत्या की वजह तलाशने में जुटी पुलिस की टीम
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि फिलहाल हत्या के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या मृतका और आरोपी के बीच कोई पुरानी रंजिश थी या यह किसी सुपारी किलिंग का मामला है। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी के अस्पताल पहुंचने और भागने के पूरे घटनाक्रम का मिलान किया जा सके।

