Tripura News: त्रिपुरा माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (TBSE) आज यानी 08 मई को कक्षा 10वीं (माध्यमिक) और 12वीं (इंटरमीडिएट) परीक्षा के नतीजे घोषित करेगा। बोर्ड के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, परिणाम दोपहर 12 बजे सार्वजनिक किए जाएंगे। छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट tripura.gov.in और tbse.tripura.gov.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड देख सकते हैं। इस साल बोर्ड परीक्षाओं में करीब 68,000 छात्र शामिल हुए थे। परिणाम जारी होते ही लिंक सक्रिय कर दिया जाएगा।
68 हजार छात्रों का इंतजार होगा खत्म
त्रिपुरा बोर्ड की माध्यमिक परीक्षा में इस साल लगभग 38,000 छात्र शामिल हुए थे। वहीं, इंटरमीडिएट की परीक्षा में 30,000 छात्र एवं छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। माध्यमिक परीक्षाएं 26 फरवरी से 24 मार्च के बीच आयोजित की गई थीं। इसके साथ ही उच्चतर माध्यमिक परीक्षाएं 25 फरवरी से 30 मार्च 2026 तक चली थीं। बोर्ड ने मूल्यांकन प्रक्रिया समय पर पूरी कर ली है। अब छात्र अपने रोल नंबर की मदद से नतीजे देख सकेंगे।
रिजल्ट डाउनलोड करने के आसान स्टेप्स
छात्रों की सुविधा के लिए बोर्ड ने परिणाम देखने की प्रक्रिया को सरल रखा है। सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट tripura.gov.in या tbse.tripura.gov.in पर विजिट करें। इसके बाद होमपेज पर ‘Tripura Board 10th 12th Results 2026’ के लिंक पर क्लिक करें। लिंक खुलते ही अपनी लॉगिन डिटेल्स जैसे रोल नंबर दर्ज करें। सबमिट बटन दबाते ही आपका डिजिटल रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा। भविष्य के लिए परिणाम का प्रिंट आउट लेना न भूलें।
मार्कशीट में इन जानकारियों को जरूर जांचें
रिजल्ट डाउनलोड करने के बाद छात्रों को अपनी मार्कशीट में दी गई सूचनाओं का बारीकी से मिलान करना चाहिए। छात्र अपना नाम, रोल नंबर और रोल कोड सही ढंग से जांचें। इसके अलावा, प्रत्येक विषय में प्राप्त अंक और अपनी पासिंग स्टेटस (पात्रता स्थिति) की पुष्टि करें। मार्कशीट में अभिभावक का नाम भी सही होना अनिवार्य है। यदि किसी जानकारी में कोई त्रुटि नजर आती है, तो छात्रों को तुरंत अपने संबंधित स्कूल या बोर्ड कार्यालय से संपर्क करना चाहिए।
पिछले साल का कैसा रहा था प्रदर्शन
पिछले साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो त्रिपुरा बोर्ड ने 30 अप्रैल को नतीजे घोषित किए थे। साल 2025 में माध्यमिक परीक्षा का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 86.53 रहा था। वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा में सफल होने वाले छात्रों का प्रतिशत 79.29 दर्ज किया गया था। इस साल उम्मीद जताई जा रही है कि पासिंग प्रतिशत में और सुधार देखने को मिल सकता है। बोर्ड टॉपर्स की सूची और जिलावार प्रदर्शन की जानकारी भी परिणाम के साथ साझा करेगा।


