Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रामपुरहरी थाना क्षेत्र में बुधवार को दो चचेरी बहनों के शव बरामद होने से पूरे इलाके में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने ईंट भट्ठे के पास पानी से भरे गड्ढे में बच्चियों के शव देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मृत बच्चियों की उम्र महज 12 और 07 वर्ष है। सोमवार शाम से गायब इन बच्चियों की तलाश में परिजन दर-दर भटक रहे थे, लेकिन अंततः उनकी लाशें मिलीं।
शादी समारोह के दौरान गायब हुई थीं मासूम बच्चियां
परिजनों ने बताया कि गांव में एक शादी समारोह चल रहा था, जहां दोनों बच्चियां सोमवार शाम को खेल रही थीं। देर रात तक जब वे घर नहीं लौटीं, तो परिवार ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की। कोई सुराग न मिलने पर रामपुरहरी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की ही थी कि बुधवार सुबह दोनों बच्चियों के शव संदिग्ध अवस्था में बरामद कर लिए गए।
डॉक्टरों के खुलासे ने झकझोर कर रख दिया
शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेजा गया। डॉक्टरों के प्रारंभिक विश्लेषण ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उनकी हत्या की गई है। मेडिकल जांच के दौरान 12 वर्षीय बच्ची के निजी अंगों पर खून के निशान मिले हैं। इसके अलावा, बड़ी बच्ची की तीन उंगलियां कटी हुई थीं और उसका जबड़ा भी टूटा हुआ पाया गया है।
सीने पर प्रहार और बर्बरता के मिले कई निशान
जांच में शामिल डॉक्टरों ने बताया कि बच्चियों की हत्या संभवतः 11 मई की रात को ही कर दी गई थी। मासूमों के सीने पर किसी भारी वस्तु से प्रहार के गहरे निशान मिले हैं, जो हमलावरों की क्रूरता को दर्शाते हैं। दुष्कर्म की आधिकारिक पुष्टि के लिए डॉक्टरों ने ‘वेजाइनल स्वाब’ को सुरक्षित रख लिया है। इस रिपोर्ट के आने के बाद ही पुलिस अंतिम नतीजे पर पहुंचेगी। फिलहाल, घटनास्थल पर भारी तनाव का माहौल बना हुआ है।
एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम कर रही है जांच
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) और डॉग स्क्वायड की मदद ली है। विशेषज्ञ टीमें ईंट भट्ठे के आसपास के साक्ष्य जुटा रही हैं। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) अलय वत्स ने बताया कि पुलिस हर संभावित पहलू से जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस अभी पोस्टमॉर्टम की अंतिम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच का इंतजार कर रही है। स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी रोष देखा जा रहा है।

