Lucknow News: राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक यात्री के बैग से अवैध असलहा बरामद हुआ। यह युवक एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से दुबई जाने की फिराक में था। लगेज बुकिंग काउंटर पर सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ (CISF) के जवानों ने युवक के बैग में छिपाकर रखा गया 12 बोर का तमंचा पकड़ लिया। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर स्थानीय सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया है।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया अवैध हथियार
गोंडा जिले के मनकापुर का रहने वाला 22 वर्षीय महेश कुमार चौहान शुक्रवार सुबह करीब 5:45 बजे फ्लाइट पकड़ने एयरपोर्ट पहुंचा था। वह एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या आईएक्स 193 (IX 193) से दुबई जाने वाला था। जैसे ही उसने अपना बैग एयरलाइन के बुकिंग काउंटर पर सुरक्षा जांच के लिए रखा, स्कैनर में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। बैग खोलने पर सुरक्षाकर्मी तब दंग रह गए जब उसमें से 12 बोर का तमंचा बरामद हुआ।
नौकरी के लिए जा रहा था विदेश
पकड़े गए आरोपी महेश कुमार ने पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वह रोजगार के सिलसिले में दुबई जा रहा था। हालांकि, वह बैग में तमंचा रखने के पीछे का कोई ठोस कारण स्पष्ट नहीं कर सका। इतनी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद एयरपोर्ट के भीतर अवैध हथियार ले जाने की कोशिश ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। पुलिस अब आरोपी के पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों की गहनता से जांच कर रही है ताकि उसके दावों की पुष्टि हो सके।
हथियार तस्करी के एंगल से जांच शुरू
सरोजनीनगर पुलिस ने आरोपी महेश कुमार को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले को केवल सुरक्षा में चूक के तौर पर नहीं देख रही है, बल्कि अवैध असलहा तस्करी के एंगल से भी जांच की जा रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या यह युवक किसी बड़े गिरोह का हिस्सा है या किसी विशेष मकसद से हथियार को सीमा पार ले जाने की कोशिश कर रहा था।
एयरपोर्ट पर बढ़ाई गई चौकसी
इस घटना के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षा घेरा और अधिक सख्त कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों और उनके सामान की गहन तलाशी के निर्देश दिए हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी और सीआईएसएफ इस बात की भी समीक्षा कर रहे हैं कि आरोपी एयरपोर्ट के बाहरी सुरक्षा घेरे को पार कर बुकिंग काउंटर तक कैसे पहुंच गया। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और उससे लगातार पूछताछ जारी है ताकि इस साजिश की जड़ तक पहुंचा जा सके।


