Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश की चर्चित प्रशासनिक अधिकारी और शिमला की एसडीएम ओशिन शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लंबे समय तक डिजिटल दुनिया से दूर रहने के बाद उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट दोबारा एक्टिवेट कर लिया है। ओशिन ने अपने पेज पर कुछ नई तस्वीरें साझा की हैं, जिन्हें देखकर उनके समर्थक काफी उत्साहित हैं। सोशल मीडिया पर उनके फैंस ‘वेल्कम बैक’ कहकर उनका जोरदार स्वागत कर रहे हैं और उनकी पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है।
ओशिन शर्मा की सोशल मीडिया पर लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इंस्टाग्राम पर उनके तीन लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। कुछ महीने पहले उन्होंने अचानक अपना अकाउंट डीएक्टिवेट कर दिया था। दरअसल, एक निजी कंपनी के उत्पाद का प्रचार करने के मामले में सरकार ने उन्हें सख्त फटकार लगाई थी। इसके बाद ही उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बना ली थी। अब उनकी वापसी ने प्रशासनिक गलियारों और उनके प्रशंसकों के बीच नई चर्चा छेड़ दी है।
प्रमोशनल वीडियो बना गले की फांस, मुख्य सचिव ने बिठाई थी जांच
ओशिन शर्मा के विवादों में फंसने की मुख्य वजह एक विज्ञापन वीडियो था। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक निजी ब्रांड के उत्पाद की अनबॉक्सिंग करते हुए वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में वह डिस्काउंट कोड भी दिखा रही थीं, जिसे सिविल सेवा नियमों का उल्लंघन माना गया। विपक्षी दलों और वरिष्ठ अधिकारियों ने इस पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के कड़े आदेश जारी किए थे।
नियमों के मुताबिक, कोई भी सरकारी अधिकारी बिना पूर्व अनुमति के किसी ब्रांड या व्यापारिक गतिविधि का प्रचार नहीं कर सकता। ओशिन शर्मा ने इस मामले पर मीडिया को सफाई भी दी थी। उन्होंने दावा किया था कि वह खुद लंबे समय से उन प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल कर रही थीं। उनका इरादा किसी कमर्शियल ब्रांड को प्रमोट करना नहीं था। हालांकि, जांच शुरू होने के दबाव में उन्होंने अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स को बंद करने का फैसला लिया था।
मूल रूप से चंबा जिले के भरमौर की रहने वाली ओशिन शर्मा 2020 बैच की एचएएस (HPAS) अधिकारी हैं। वह अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में रही हैं। साल 2021 में उन्होंने तत्कालीन भाजपा विधायक विशाल नेहरियां से विवाह किया था। हालांकि, महज दो महीने बाद ही उन्होंने पति पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। बाद में दोनों का तलाक हो गया। फिलहाल, एसडीएम के तौर पर वह प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ अपनी सोशल लाइफ को बैलेंस कर रही हैं।

