Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक युवती का शव जलाए जाने की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस सनसनीखेज वारदात का सूत्रधार पड़ोसी राज्य हरियाणा का निकला। पुलिस जांच में पुष्टि हुई है कि युवती की हत्या अंबाला में की गई थी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को सिरमौर के कोलर पंचायत के जंगलों में लाकर जला दिया गया। फिलहाल पुलिस इस मामले में मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पांवटा साहिब उपमंडल के कोलर गांव के समीप जंगल में युवती की जलती हुई लाश मिलने से इलाके में दहशत फैल गई थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो मामला प्रेम प्रसंग का निकला। हरियाणा पुलिस के साथ साझा ऑपरेशन के दौरान अंबाला के बराडा निवासी एक युवक को पकड़ा गया है। पुलिस ने बातापुल के पास जाल बिछाकर आरोपी को दबोचा, जो वारदात के बाद फरार होने की फिराक में था।
CCTV फुटेज से बेनकाब हुआ हत्यारा और उसका खौफनाक तरीका
आरोपी को पकड़ने में सीसीटीवी कैमरों ने सबसे अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने रास्तों और बाजारों के फुटेज खंगाले तो चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई। आरोपी एक अन्य व्यक्ति के साथ रेहड़ी पर एक बड़ा बैग ले जाते हुए दिखाई दिया। इसी बैग में युवती का शव छिपाया गया था। इस फुटेज के आधार पर माजरा और बराडा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि इस जघन्य अपराध में कितने और लोग शामिल थे।
इस घटना के बाद कोलर पंचायत के ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थानीय युवाओं ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में हुई मारपीट और लूटपाट की घटनाओं पर पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की। छह महीने पहले हुई एक चोरी के मामले में भी अब तक कोई सुराग नहीं लगा है। फिलहाल, पुलिस जंगल में साक्ष्य जुटा रही है और मामले की गहराई से तफ्तीश जारी है।

