Delhi News: टाटा इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के रोमांचक सफर में सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच महामुकाबला होने जा रहा है। यह मैच दिल्ली के ऐतिहासिक अरुण जेटली स्टेडियम (फिरोज शाह कोटला) में शाम सात बजे से खेला जाएगा। मैच को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। स्टेडियम के आसपास के कई प्रमुख रास्तों पर डायवर्जन और प्रतिबंध लागू रहेंगे, ताकि दर्शकों और आम जनता को असुविधा न हो।
इन रास्तों पर रहेगा भारी वाहनों का पहरा
ट्रैफिक पुलिस की गाइडलाइन के मुताबिक, बहादुरशाह जफर मार्ग और जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर जरूरत के हिसाब से वाहनों को मोड़ा जाएगा। दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड तक भारी और व्यावसायिक वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। आम यात्रियों को सुझाव दिया गया है कि वे शाम 5 बजे से रात 12 बजे के बीच इन मार्गों पर जाने से बचें। इस दौरान प्रशंसकों की भारी भीड़ के चलते ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है।
स्टेडियम के पास पार्किंग पर लगा प्रतिबंध
राजघाट से दिल्ली गेट, कमला मार्केट राउंडअबाउट और तुर्कमान गेट जैसे इलाकों में पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। अवैध रूप से खड़े किए गए वाहनों को पुलिस तुरंत क्रेन से हटा देगी। स्टेडियम के गेट नंबर 1 से 18 तक प्रवेश के लिए अलग-अलग दिशाएं तय की गई हैं। दर्शकों के लिए ‘पार्क एंड राइड’ की विशेष सुविधा उपलब्ध है। माता सुंदरी रोड और राजघाट जैसे क्षेत्रों से मैच शुरू होने से दो घंटे पहले शटल बसें चलेंगी, जो मैच खत्म होने के एक घंटे बाद तक उपलब्ध रहेंगी।
टैक्सी और ऐप बेस्ड बुकिंग के लिए खास नियम
स्टेडियम के पास आम दर्शकों के लिए पार्किंग नहीं होगी, केवल वैध लेबल वाले वाहन ही निर्धारित स्थानों पर पार्क हो सकेंगे। ऐप-आधारित टैक्सी (Ola/Uber) के लिए मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज और राजघाट चौक के पास विशेष पिक-अप और ड्रॉप पॉइंट बनाए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों और मेट्रो का अधिक से अधिक प्रयोग करें। स्टेडियम के पश्चिमी और दक्षिणी प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा जांच के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
