Uttar Pradesh News: नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले निवासियों के लिए रविवार का दिन मुश्किल भरा हो सकता है। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) ने विद्युत सुधार और रखरखाव कार्यों के चलते शहर के तीन प्रमुख क्षेत्रों में भारी बिजली कटौती की घोषणा की है। निगम की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, अलग-अलग उपकेंद्रों पर वीसीबी (वैक्यूम सर्किट ब्रेकर) बदलने और पेड़ों की टहनियों की छटाई का कार्य किया जाएगा, जिसके कारण कई घंटों तक आपूर्ति बाधित रहेगी।
सेक्टर 83 और 140 में 12 घंटे का लंबा पावर कट
सबसे लंबी कटौती सेक्टर-83 स्थित 33/11 केवी उपकेंद्र पर देखने को मिलेगी। यहाँ क्षतिग्रस्त वीसीबी को बदलने का महत्वपूर्ण कार्य किया जाना है। इस मरम्मत कार्य के चलते सेक्टर 83, 85, 90, 138, 140 और 140ए में सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक, यानी पूरे 12 घंटे बिजली गुल रहेगी। औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों में इतनी लंबी कटौती से दैनिक कामकाज और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
हाजरी कॉम्प्लेक्स और सेक्टर 142 में भी आपूर्ति होगी बाधित
हाजरी कॉम्प्लेक्स के ब्लॉक-ई में नए वीसीबी लगाने के कार्य के कारण सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी। इससे कॉम्प्लेक्स के ब्लॉक-ई और बी के निवासी प्रभावित होंगे। इसके अतिरिक्त, सेक्टर-129 उपकेंद्र से जुड़ी लाइनों पर पेड़ों की टहनियों की कटाई का काम होगा। इसके चलते सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक एडवांट, संजीवनी और सेक्टर-142 के आसपास के इलाकों में बिजली नहीं आएगी।
उपभोक्ताओं के लिए हेल्पलाइन और निगम का दावा
निगम ने उपभोक्ताओं को किसी भी अतिरिक्त जानकारी या समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क करने की सलाह दी है। पीवीवीएनएल के अधिकारियों का दावा है कि मरम्मत का यह कार्य भविष्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अनिवार्य है। कार्य पूरा होते ही बिना किसी देरी के बिजली बहाल कर दी जाएगी। निवासियों को सलाह दी गई है कि वे बिजली कटौती के समय को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी काम पहले ही निपटा लें।
