दिल्ली में 4 साल का रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, पारा 44.5 डिग्री पहुंचा, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, जानिए कब मिलेगी राहत

Delhi News: राजधानी दिल्ली में गर्मी ने पिछले चार साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक था। रिज इलाके का पारा तो 44.5 डिग्री सेल्सियस को छू गया। लगातार तीसरे दिन लू की स्थिति बनी रही। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि सोमवार से बारिश के आसार से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

शनिवार को सुबह से ही झुलसाने लगी गर्मी

शनिवार की सुबह से ही लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। दिन का न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा था। दिन चढ़ने के साथ ही पारा तेजी से ऊपर गया और अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री तक पहुंच गया। पिछले दिन की तुलना में इसमें 0.9 डिग्री की और वृद्धि हुई। पूरे दिन सड़कों पर गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल रखा।

2022 के बाद अप्रैल का सबसे गर्म दिन

मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि शनिवार का तापमान पिछले चार वर्षों में अप्रैल महीने का सबसे अधिक तापमान रहा। इससे पहले 28 अप्रैल 2022 को पारा 43.5 डिग्री सेल्सियस तक गया था। शनिवार को सबसे भीषण गर्मी रिज क्षेत्र में दर्ज की गई जहां तापमान 44.5 डिग्री तक पहुंच गया। सफदरजंग में न्यूनतम 25.2 और अधिकतम 42.8 डिग्री रहा। पालम में न्यूनतम 26.8 और अधिकतम 42.5 डिग्री दर्ज किया गया।

लू घोषित करने के क्या हैं पैमाने

मौसम विभाग के अनुसार लू की स्थिति तब मानी जाती है जब अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस हो और सामान्य से 4.5 डिग्री या उससे अधिक ज्यादा हो। इसके अलावा यदि तापमान सीधे 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाए तो भी इसे लू करार दिया जाता है। यह भी जरूरी है कि हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली क्षेत्र के कम से कम दो मौसम केंद्रों पर ये मानक पूरे हों।

रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

यह लगातार तीसरा दिन है जब दिल्ली और आसपास के पूरे क्षेत्र में लू की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि लोगों को भीषण गर्मी के लिए पूरी तरह तैयार रहना चाहिए। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं चलेंगी। विशेषज्ञों ने बच्चों और बुजुर्गों को दोपहर के समय बाहर न निकलने की सलाह दी है।

सोमवार से मिल सकती है बारिश से राहत

मौसम विभाग का पूर्वानुमान कुछ राहत भरा जरूर है। निचले स्तर की पूर्वी हवा के प्रभाव से सोमवार से तापमान में गिरावट आने की संभावना है। हल्की वर्षा, गरज-चमक और तेज हवा चल सकती है। अगले सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के आसपास बना रहेगा। अन्य क्षेत्रों की बात करें तो लोधी रोड में न्यूनतम 24.0 और अधिकतम 42.6 डिग्री तथा अयानगर में न्यूनतम 25.1 और अधिकतम 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

SOURCE: न्यूज एजेंसी
/ month
placeholder text

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories