Patna News: पटना-मोकामा-झाझा रेलखंड पर सक्रिय शातिर चोरों ने रेल पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। रविवार की रात साउथ बिहार एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच में सफर कर रही एक महिला यात्री के कीमती आभूषणों से भरा बैग चोरी हो गया। बैग में लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर और 50 हजार रुपये नकद रखे थे। इस हाई-प्रोफाइल चोरी की घटना के बाद रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस इसे पेशेवर गिरोह की करतूत मानकर जांच में जुट गई है।
शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी नवविवाहिता, मोकामा के पास हुई वारदात
पीड़िता ऋचा कुमारी अपने पति स्वराज सुमन के साथ 13288 डाउन साउथ बिहार एक्सप्रेस से जमशेदपुर जा रही थी। ऋचा की हाल ही में शादी हुई थी, जिसके कारण वह एक समारोह में पहनने के लिए करीब बीस भर सोने के आभूषण साथ ले जा रही थी। दानापुर स्टेशन से सवार होने के बाद, ट्रेन जैसे ही मोकामा से आगे बढ़ी, ऋचा को अपने बैग के गायब होने का अहसास हुआ। लुटेरों ने बड़ी सफाई से एसी कोच में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया और रफूचक्कर हो गए।
जमशेदपुर में जीरो एफआईआर दर्ज, मोकामा रेल थाना को भेजा गया मामला
ट्रेन के जमशेदपुर पहुंचने पर पीड़ित ऋचा कुमारी ने सोमवार सुबह दस बजे रेलवे पुलिस को लिखित शिकायत दी। जमशेदपुर रेल थाना ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ‘जीरो प्राथमिकी’ (Zero FIR) दर्ज की है। कानूनी प्रक्रिया के तहत अब इस मामले को घटनास्थल के क्षेत्राधिकार वाले मोकामा रेल थाना को स्थानांतरित किया जा रहा है। पटना पूर्वी रेल डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त होते ही पीड़िता से गहन पूछताछ की जाएगी और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई जाएगी।
रेलखंड पर लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं, सुरक्षा पर गंभीर सवाल
पटना-मोकामा रेलखंड पर यात्रियों के साथ लूटपाट और चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस में एक यात्री से 50 लाख रुपये के आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। वहीं, पिछले माह बरौनी-किऊल खंड पर भी सोने के जेवरों की लूट का मामला सामने आया था। हालांकि आरपीएफ और रेल पुलिस ने कुछ मामलों का खुलासा किया है, लेकिन ट्रेनों के भीतर बढ़ती आपराधिक गतिविधियां रेल यात्रा को असुरक्षित बना रही हैं। यात्रियों ने रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है।


