Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक हाई-प्रोफाइल धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां शहर के एक बड़े लोहा कारोबारी जहीर अहमद के दो बेटों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। एक महिला ने अपने पति और जेठ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने उसकी पहचान का गलत इस्तेमाल किया। महिला का दावा है कि उसके आधार कार्ड और फोटो का उपयोग कर धोखाधड़ी से एक महंगी स्कार्पियो एन कार खरीदी गई और बैंक लोन भी उसी के नाम पर करा लिया गया।
आधार कार्ड और फोटो का दुरुपयोग कर प्रेमिका को बनाया ‘पत्नी’
दिल्ली की रहने वाली रुखसार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका अपने पति इरफान के साथ विवाद चल रहा है, जिसके कारण वह अलग रह रही है। आरोप है कि इरफान का मेरठ की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग है। मई 2025 में इरफान और उसके भाई सलीम ने फरीदाबाद के एक शोरूम से कार खरीदी। इस दौरान उन्होंने इरफान की प्रेमिका को रुखसार के रूप में पेश किया और असली रुखसार के [Aadhaar Redacted] व अन्य दस्तावेजों का उपयोग कर बैंक से लोन पास करा लिया।
मुंबई में थी पीड़िता, लोन की किस्तें आने पर हुआ खुलासा
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब बैंक से लोन की किस्तों के भुगतान के लिए पीड़िता के पास संदेश आने लगे। रुखसार का कहना है कि जिस समय यह कार खरीदी गई और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए, उस समय वह अपने परिवार के साथ मुंबई में थी। उसने आरोप लगाया कि कार की डिलीवरी भी मेरठ निवासी उसी युवती ने ली थी जिसे उसकी ‘पत्नी’ दर्शाया गया था। विरोध करने पर ससुराल पक्ष की ओर से उसे जान से मारने की धमकियां दी गईं, जिसके बाद उसने कानून की शरण ली।
गहरी साजिश की आशंका और पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह आशंका भी जताई है कि उसका पति उसके नाम पर गाड़ी लेकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने और उसे फंसाने की साजिश रच रहा है। कोतवाली प्रभारी राम प्रताप सिंह ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पति इरफान, जेठ सलीम और मेरठ की संबंधित महिला के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब शोरूम के सीसीटीवी फुटेज और बैंक लोन के दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।
विवादों में रहा है लोहा कारोबारी का परिवार
उल्लेखनीय है कि बिजनौर के इस प्रतिष्ठित लोहा कारोबारी परिवार का विवादों से पुराना नाता रहा है। कुछ महीने पहले खुद जहीर अहमद पर भी एक महिला ने दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। जनपद के बड़े व्यवसायी होने के कारण यह पूरा प्रकरण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और मामले का पूरी तरह राजफाश किया जाएगा।


