Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक दूल्हा अपनी पहली शादी की बात छिपाकर दूसरी शादी रचाने पहुंच गया। विवाह की रस्में खुशी के माहौल में चल रही थीं। तभी अचानक एक महिला मंडप में आ गई और उसने खुद को दूल्हे की पत्नी बताया। इस खुलासे के बाद शादी में भारी हंगामा मच गया। लड़की वालों ने तुरंत शादी रोक दी और बिना दुल्हन के बारात वापस लौट गई।
यह पूरी घटना सीतापुर के लहरपुर कोतवाली इलाके की है। लहरपुर के मतुआ सौरैय्या गांव निवासी इन्द्रबली ने अपनी बेटी का रिश्ता तय किया था। उन्होंने यह शादी लखनऊ की सुशांत गोल्फ सिटी के रहने वाले राजेश कुमार से पक्की की थी। रविवार रात राजेश पूरे उत्साह के साथ अपनी बारात लेकर लहरपुर पहुंचा था। द्वारपूजा का कार्यक्रम भी शांति से पूरा हो गया था। इसके बाद विवाह की बाकी रस्में शुरू हो गईं। किसी को धोखे का अंदेशा नहीं था।
मंडप में पहली पत्नी की अचानक एंट्री
विवाह स्थल पर चारो तरफ खुशी का माहौल था। तभी वहां एक अजनबी महिला अचानक आ पहुंची। उसने सीधे दूल्हे राजेश को अपना पति बताना शुरू कर दिया। महिला का आरोप था कि राजेश ने उसे बिना तलाक दिए यह दूसरी शादी रचाने की कोशिश की है। यह बात सुनते ही शादी समारोह में पूरी तरह अफरा-तफरी मच गई। दुल्हन पक्ष के लोग हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत दूल्हे राजेश से इस महिला के दावों पर सख्ती से पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान राजेश कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पहले तो उसने पिछली शादी की बात से इंकार कर दिया। लेकिन लड़की वालों की सख्ती के बाद राजेश ने सच उगल दिया। उसने कबूल किया कि हंगामा करने वाली महिला उसकी पहली पत्नी है। यह सच सामने आते ही वधु पक्ष में हड़कंप मच गया। दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया और लड़की वालों ने इस शादी से साफ इंकार कर दिया।
पुलिस ने दूल्हे सहित छह लोगों पर दर्ज किया केस
शादी से इंकार करने पर दूल्हे का परिवार भड़क गया। लड़की के पिता का आरोप है कि राजेश और उसके रिश्तेदारों ने जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने शादी करने का भारी दबाव भी बनाया। मामला बढ़ता देख ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया और उन्हें शांत कराया। इसके बाद बारात बैरंग वापस लौट गई। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर पुलिस ने दूल्हा राजेश, रामसहाय, रिंकी, पिंकी, वासुदेव और रेखा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।


