Himachal Pradesh News: मंडी जिले के जोगेंद्रनगर में वीरवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर एहजू के पास एक तेज रफ्तार टैंपो ने स्कूल जा रही छात्रा को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में 17 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। छात्रा सुबह अपने साथियों के साथ रोज की तरह स्कूल जा रही थी, तभी अनियंत्रित वाहन ने उसे काल का ग्रास बना लिया।
हादसे की शिकार छात्रा की पहचान बैजनाथ निवासी अनु के रूप में हुई है। वह एहजू स्कूल में 11वीं कक्षा की होनहार छात्रा थी। अनु के पिता पुन्नू राम पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय में आउटसोर्स कर्मचारी हैं और माता सिमरो देवी गृहिणी हैं। वह अपने भविष्य को संवारने के लिए जोगेंद्रनगर के मचकेहड़ में अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। इस घटना के बाद से परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे के वक्त साथी बच्चों के साथ स्कूल जा रही थी छात्रा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा रेलवे क्रॉसिंग के पास एक ऑटो एजेंसी के समीप हुआ। अनु अन्य बच्चों के साथ सड़क के किनारे पैदल स्कूल की तरफ बढ़ रही थी। तभी पीछे से आ रहे एक महिंद्रा टैंपो ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनु उछलकर सड़क से काफी दूर जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। साथी बच्चे भी इस भयानक मंजर को देखकर बुरी तरह सहम गए।
हादसे के तुरंत बाद टैंपो चालक सुरेश कुमार ने मानवता दिखाते हुए छात्रा को अपनी ही गाड़ी में लादा। वह उसे तुरंत नजदीकी बैजनाथ अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने छात्रा की जांच की लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मासूम अनु अपने पीछे एक हंसता-खेलता परिवार और अधूरे सपने छोड़ गई है।
पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शुरू की कानूनी कार्रवाई
जोगेंद्रनगर थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है। पुलिस ने टैंपो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है कि क्या यह मानवीय चूक थी या तकनीकी खराबी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। हाईवे पर बढ़ते हादसों और तेज रफ्तार ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।


