Lucknow News: राजधानी के पास हैदरगढ़ पुरवा में रविवार रात एक वैवाहिक समारोह मातम में बदल गया। यहां मामूली विवाद के बाद शुरू हुई मारपीट ने इतना उग्र रूप ले लिया कि एक महिला की जान चली गई। बारातियों और जनातियों के बीच डीजे पर डांस और खाने की गुणवत्ता को लेकर झगड़ा शुरू हुआ था। देखते ही देखते मौके पर भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए भाग रहे बारातियों की कार ने दो लोगों को रौंद दिया।
नशे और डीजे के विवाद ने ली जान
लखनऊ के त्रिवेणीनगर से संजय की बारात रामकुमार के घर पहुंची थी। आधी रात के समय शराब के नशे में धुत युवक डीजे पर डांस करने की जिद करने लगे। बड़े-बुजुर्गों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया, लेकिन खाने की मेज पर फिर विवाद भड़क गया। बारातियों ने भोजन ठंडा होने का आरोप लगाकर मारपीट शुरू कर दी। इस हिंसक झड़प के बाद बाराती अपने वाहनों से भागने लगे, जिससे अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया।
इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम
तेज रफ्तार से भाग रही एक बाराती की कार ने शादी में आई कांती और शोभेलाल को जोरदार टक्कर मार दी। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर कांती को लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां सोमवार को उनकी मृत्यु हो गई। शोभेलाल का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद शादी की रस्में बीच में ही रुक गईं और शादी टूट गई।
पुलिस ने दर्ज किया गंभीर धाराओं में केस
पुलिस ने इस मामले में दूल्हे संजय, उसके पिता श्याम बिहारी समेत पांच नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। किसान रामकुमार ने अपनी बेटी की शादी के लिए मेहनत की कमाई से सारी व्यवस्था की थी, जो एक झटके में बर्बाद हो गई। पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।
