West Bengal News: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले सियासत चरम पर पहुंच गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को बड़ा दावा करते हुए ‘ऑपरेशन कमल’ जैसी आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि भाजपा तृणमूल के विधायकों की खरीद-फरोख्त की तैयारी में है। ममता के अनुसार, अगर टीएमसी को दो-तिहाई बहुमत नहीं मिला, तो भाजपा हॉर्स-ट्रेडिंग की कोशिश करेगी। हालांकि, उन्होंने भरोसा जताया कि तृणमूल कांग्रेस लगातार चौथी बार पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।
भवानीपुर में धुआंधार प्रचार और भाजपा पर प्रहार
कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के दौरान ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने तृणमूल को हराने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी है। ममता के मुताबिक, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और रक्षा मंत्री सहित पूरा केंद्रीय मंत्रिमंडल और 19 राज्यों के मुख्यमंत्री बंगाल में डेरा डाले हुए हैं। इन सबके बावजूद, ममता ने दावा किया कि भाजपा की हार निश्चित है और बंगाल में फिर से ममता की सरकार बनेगी।
चुनाव आयोग और पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल
चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग और राज्य पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने शिकायत की कि चुनाव आयोग के अधीन आने वाली पुलिस अब उन्हें “भूल” गई है। ममता ने आरोप लगाया कि राज्य की पुलिस वर्तमान में पूरी तरह भाजपा के पक्ष में काम कर रही है। उन्होंने चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में चार रैलियां कीं और प्रशासन को निष्पक्ष रहने की चेतावनी दी।
ईवीएम में गड़बड़ी की आशंका और समर्थकों को सलाह
मुख्यमंत्री ने दूसरे चरण के मतदान के दौरान ईवीएम मशीनों में तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि मशीनों के साथ छेड़छाड़ की कोशिश हो सकती है। ममता ने दावा किया कि उन्होंने एक वीडियो देखा है, जिसमें वोट किसी और को देने पर वह भाजपा को जा रहा है। उन्होंने समर्थकों से अपील की कि वे किसी भी उकसावे में न आएं और मतदान के दिन शांत रहकर एकजुटता दिखाएं।
भवानीपुर की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब
ममता बनर्जी ने दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर में एक भव्य पदयात्रा का नेतृत्व किया। ‘जोतोई कोरो हमला आबार जीतबे बांग्ला’ के गीतों के बीच उन्होंने हजारों समर्थकों के साथ करीब एक किलोमीटर का सफर तय किया। इस दौरान छऊ नृत्य और पारंपरिक ढोल की थाप ने माहौल को रंगारंग बना दिया। पदयात्रा में मेयर फिरहाद हकीम भी शामिल थे। बता दें कि भवानीपुर में ममता का मुख्य मुकाबला भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी से है।
