International News: मध्य पूर्व में शांति बहाली की कोशिशों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। लेबनान और इजरायल के बीच तीन सप्ताह के सीजफायर विस्तार के बावजूद हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान में अपनी बमबारी और सैन्य अभियान जारी रखा है। शनिवार को हुए ताजा हमलों में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। अमेरिकी प्रयासों के बावजूद धरातल पर स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है और शांति समझौते की प्रासंगिकता पर सवाल उठ रहे हैं।
नबातियेह में घातक हवाई हमला
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के आपातकालीन संचालन केंद्र ने शनिवार को हुई मौतों की पुष्टि की है। इजरायली वायुसेना ने नबातियेह जिले के योहमोर अल-शकीफ शहर को निशाना बनाया। हमले में एक ट्रक और एक मोटरसाइकिल पर दो सटीक हवाई हमले किए गए। इस अमानवीय हमले में चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके अलावा इजरायली जमीनी सेना ने बिंत जबील शहर में कई इमारतों को विस्फोटकों से उड़ाकर मलबे में तब्दील कर दिया है।
हिजबुल्ला ने सीजफायर को बताया ‘बेमानी’
इजरायल की इस ताजा कार्रवाई पर हिजबुल्ला ने बेहद कड़ी प्रतिक्रिया दी है। हिजबुल्ला के सांसद अली फय्याद ने कहा कि इजरायली शत्रुता और लगातार जारी हत्याओं के बीच इस सीजफायर का कोई मतलब नहीं रह गया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जब इजरायल समझौते का उल्लंघन कर रहा है, तो हिजबुल्ला के पास जवाबी कार्रवाई का पूरा अधिकार सुरक्षित है। लेबनान के खियाम शहर के रिहायशी इलाकों में भी भारी गोलाबारी की खबरें मिली हैं।
डोनाल्ड ट्रंप की घोषणा के बाद भी नहीं थमी हिंसा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को ही लेबनान और इजरायल के बीच संघर्ष विराम बढ़ाने की घोषणा की थी। हालांकि, ट्रंप के इस भरोसे के कुछ ही घंटों बाद सीमा पर फिर से बारूद बरसने लगा। इजरायली सेना दक्षिणी लेबनान के गांवों में लगातार ऑपरेशन चला रही है, जिससे स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक दबाव के बावजूद जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। मध्य पूर्व में तनाव कम होने के बजाय और ज्यादा गहराता जा रहा है।
