Chandigarh News: सिटी ब्यूटीफुल के सेक्टर-35 स्थित प्रतिष्ठित फाइव स्टार होटल जेडब्ल्यू मैरियट में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है। दिल्ली के एक बड़े रियल एस्टेट कारोबारी के बैग से होटल के भीतर ही 2.37 लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई। कारोबारी विकास सैनी ने होटल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही और मामले को रफा-दफा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। इस सनसनीखेज वारदात ने होटल के लगेज हैंडलिंग सिस्टम और मैनेजमेंट की कार्यशैली को सवालों के घेरे में ला दिया है।
स्कैनिंग के बाद गायब हुआ बैग: कमरे तक पहुंचने में हुई घंटों की देरी
पीड़ित कारोबारी अपने दोस्तों के साथ हिमाचल के मणिकरण साहिब जाने के लिए चंडीगढ़ रुके थे। वीरवार रात करीब 11 बजे होटल पहुंचने पर उन्होंने अपना बैग सुरक्षा जांच के लिए स्कैनिंग मशीन में रखा। होटल स्टाफ ने सामान कमरे तक पहुंचाने का जिम्मा लिया, लेकिन घंटों बीत जाने पर भी बैग नहीं पहुंचा। बार-बार फोन करने पर भी स्टाफ टालमटोल करता रहा। बाद में होटल प्रबंधन ने कह दिया कि उनका बैग नीचे मौजूद ही नहीं है, जिससे पीड़ित के होश उड़ गए।
बैग मिला तो उड़ चुके थे लाखों: स्टाफ की मिलीभगत की आशंका
काफी देर तक हंगामे और तलाश के बाद होटल का एक कर्मचारी बैग लेकर कारोबारी के कमरे में पहुंचा। संदेह होने पर विकास सैनी ने जब बैग चेक किया, तो उसमें रखे 2.37 लाख रुपये नकद और कीमती सामान गायब थे। कारोबारी का आरोप है कि सामान स्टाफ की कस्टडी में था, इसलिए यह वारदात बिना मिलीभगत के संभव नहीं है। घटना के बाद उन्होंने तुरंत होटल प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन वहां से उन्हें कोई ठोस सहयोग नहीं मिला।
पुलिस के बजाय ‘छवि’ की फिक्र: मामले को दबाने की कोशिश का आरोप
पीड़ित का दावा है कि होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना देने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने दलील दी कि पुलिस केस होने से होटल की साख खराब होगी। मैनेजमेंट ने आश्वासन दिया कि वे खुद जांच कर पैसे बरामद कर देंगे, लेकिन पूरी रात बीत जाने पर भी कोई समाधान नहीं निकला। मजबूरन कारोबारी ने अगले दिन सुबह 10 बजे खुद पुलिस को कॉल किया। पीड़ित ने प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि उन्होंने मामले की गंभीरता को पूरी तरह नजरअंदाज किया।
मणिकरण साहिब की यात्रा रद: पुलिसिया कार्रवाई से भी नाखुश पीड़ित
इस घटना के कारण कारोबारी और उनके साथियों को अपनी धार्मिक यात्रा बीच में ही रद करनी पड़ी। भारी आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी झेल रहे विकास सैनी ने पुलिस की शुरुआती जांच पर भी असंतोष जताया है। उन्होंने कहा कि उनके पास नकदी होने के पुख्ता सबूत हैं, फिर भी कार्रवाई सुस्त है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। होटल स्टाफ से भी इस संबंध में कड़ी पूछताछ की जा रही है।
