West Bengal News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल के चुनावी रण में बड़े वादों की झड़ी लगा दी है। नदिया जिले के तेहट्ट और राणाघाट में जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य से ‘गुंडा राज’ खत्म करने की कसम खाई। शाह ने दावा किया कि पहले चरण के मतदान ने ममता बनर्जी की विदाई तय कर दी है। उन्होंने मतदाताओं से बिना डरे दूसरे चरण में भी भारी मतदान करने की अपील की। भाजपा की सरकार बनने पर घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालने का संकल्प भी दोहराया।
छह महीने में यूसीसी और महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये
अमित शाह ने राणाघाट की सभा में महिला कार्ड खेलते हुए बड़ा एलान किया। उन्होंने वादा किया कि भाजपा सत्ता में आते ही छह महीने के भीतर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करेगी। इसके साथ ही तीन तलाक पर पूर्ण प्रतिबंध और बहुविवाह प्रथा को समाप्त किया जाएगा। शाह ने कहा कि 4 मई के बाद सरकार बनते ही हर महिला और बेरोजगार युवा के बैंक खाते में हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता भेजी जाएगी।
घुसपैठियों और सिंडिकेट राज पर शाह का सीधा प्रहार
गृह मंत्री ने सीमावर्ती जिलों में सक्रिय मवेशी तस्करी और सिंडिकेट नेटवर्क पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार ने घुसपैठियों को संरक्षण दिया है। शाह ने कहा कि पहले चरण की वोटिंग के बाद ही घुसपैठिए अब भागने की तैयारी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैसे देश को आतंकवाद से मुक्त किया, वैसे ही बंगाल को भी अपराध मुक्त किया जाएगा। कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और तस्करी रोकना भाजपा की पहली प्राथमिकता होगी।
मुफ्त बस यात्रा और युवाओं के लिए रोजगार का रोडमैप
आर्थिक सहायता के साथ ही शाह ने महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा का वादा भी किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को सिर्फ बेरोजगारी भत्ता ही नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन देने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। तेहट्ट में भारी बारिश के कारण भाषण छोटा करना पड़ा, लेकिन लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। इसके बाद बारासात में आयोजित रोड शो में भी जनसैलाब उमड़ा। शाह ने भरोसा दिलाया कि भाजपा के शासन में बंगाल की पुरानी गरिमा वापस लौटेगी।
निर्वाचन आयोग की सुरक्षा व्यवस्था पर जताया भरोसा
शाह ने मतदाताओं को आश्वस्त किया कि निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। उन्होंने कहा कि अब कोई भी गुंडा किसी मतदाता को बूथ तक जाने से नहीं रोक सकता। निर्वाचन प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शाह ने ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता ने अब बदलाव का मन बना लिया है। उन्होंने भ्रष्टाचार और सिंडिकेट राज को उखाड़ फेंकने के लिए लोगों से ‘कमल’ का बटन दबाने की अपील की।
