Sports News: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के रोमांचक सफर में लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाईट राइडर्स के बीच हुए 38वें मुकाबले ने ऑरेंज कैप की रेस को और दिलचस्प बना दिया है। फिलहाल सनराइजर्स हैदराबाद के धाकड़ बल्लेबाज अभिषेक शर्मा रनों के शिखर पर काबिज हैं। उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से अनुभवी दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल और युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं।
अभिषेक शर्मा की बादशाहत बरकरार, केएल राहुल और वैभव में कड़ी जंग
ऑरेंज कैप की ताजा सूची में अभिषेक शर्मा 8 मैचों की 8 पारियों में 380 रनों के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं। उन्होंने इस सीजन में अब तक 3 अर्धशतक और 1 शानदार शतक जड़ा है। अभिषेक के बल्ले से अब तक कुल 28 छक्के निकले हैं। दूसरे पायदान पर केएल राहुल का नाम है, जिन्होंने मात्र 7 मैचों में 357 रन जुटाए हैं। राहुल के खाते में 2 अर्धशतक और 1 शतक दर्ज है।
युवा वैभव सूर्यवंशी और हेनरिक क्लासेन दे रहे हैं कड़ी चुनौती
अपना दूसरा आईपीएल सीजन खेल रहे 14 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने इस साल सबको हैरान कर दिया है। वैभव 8 मैचों में 357 रन बनाकर राहुल की बराबरी पर खड़े हैं। उन्होंने इस सीजन में 2 अर्धशतक और 2 शानदार शतक लगाकर 32 छक्के जड़े हैं। चौथे नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन हैं, जिन्होंने 8 मैचों में 349 रन बनाए हैं। पांचवें स्थान पर गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल 7 मैचों में 330 रनों के साथ मौजूद हैं।
ऑरेंज कैप का ऐतिहासिक सफर: कोहली से लेकर सुदर्शन तक
आईपीएल के पिछले 18 वर्षों के इतिहास पर नजर डालें तो रनों की इस दौड़ में भारतीय और विदेशी बल्लेबाजों के बीच कांटे की टक्कर रही है। साल 2025 में गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन ने 15 मैचों में 759 रन बनाकर यह खिताब जीता था। इससे पहले 2024 में विराट कोहली ने 15 मैचों में 741 रन बनाकर बाजी मारी थी। साल 2023 में शुभमन गिल ने 17 मैचों में 890 रन बनाए थे, जबकि 2022 में जोस बटलर ने 863 रन बनाकर ऑरेंज कैप हासिल की थी।
विराट कोहली का 2016 का वो अटूट कीर्तिमान
इतिहास के पन्नों को पलटें तो 2021 में ऋतुराज गायकवाड़ ने 635 रन और 2020 में केएल राहुल ने 670 रन बनाकर शीर्ष स्थान पाया था। साल 2016 में विराट कोहली ने एक ही सीजन में 4 शतकों की मदद से 973 रन बनाए थे, जो आज भी एक रिकॉर्ड है। शुरुआती सीजन की बात करें तो 2008 में शॉन मार्श ने 616 रन बनाकर पहली ऑरेंज कैप जीती थी। तब से लेकर अब तक 9 बार विदेशी और 9 बार भारतीय खिलाड़ियों ने इस पर कब्जा किया है।
सिर्फ दो खिलाड़ी ही रहे हैं सबसे ‘लकी’ चैंपियन
आईपीएल में एक दिलचस्प मिथक रहा है कि अक्सर ऑरेंज कैप जीतने वाले खिलाड़ी की टीम फाइनल में चैंपियन नहीं बन पाती। हालांकि, इतिहास में केवल दो ऐसे खिलाड़ी रहे हैं जिन्होंने ऑरेंज कैप के साथ ट्रॉफी भी उठाई। साल 2014 में केकेआर के रॉबिन उथप्पा ने 16 मैच में 660 रन बनाए और उनकी टीम चैंपियन बनी। इसके बाद 2021 में सीएसके के ऋतुराज गायकवाड़ ने 635 रन बनाकर यह कारनामा दोहराया। अब देखना होगा कि 2026 में कौन सा बल्लेबाज इस जादुई क्लब में शामिल होता है।
