New Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के रोहिणी जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। विजय विहार थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद एक शख्स ने अपने ही जानकार टेंपो ड्राइवर को जिंदा जलाने की कोशिश की। विवाद की वजह सिर्फ इतनी थी कि ड्राइवर ने और शराब देने से मना कर दिया था। इस हमले में पीड़ित बुरी तरह झुलस गया है और मौत से जूझ रहा है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब ने ली दोस्ती की बलि
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना 23 अप्रैल की शाम करीब 6:10 बजे की है। पीड़ित राकेश (40), जो पेशे से टेंपो ड्राइवर है, अपने जानकार मन्नू उर्फ राजा के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान मन्नू ने और शराब की मांग की। जब राकेश ने इनकार कर दिया, तो मन्नू आगबबूला हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने राकेश पर पेट्रोल उड़ेल दिया और माचिस जलाकर उसे आग के हवाले कर दिया।
60 प्रतिशत झुलसा पीड़ित, एम्स रेफर
शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी। राकेश को तुरंत रोहिणी के बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, पीड़ित का शरीर 60 प्रतिशत तक झुलस चुका है। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स (AIIMS) के बर्न यूनिट में रेफर कर दिया गया है। फिलहाल पीड़ित की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है और वह बयान देने की स्थिति में नहीं है।
आरोपी मन्नू गिरफ्तार, जांच तेज
विजय विहार थाना पुलिस ने घटनास्थल ‘सूरज वाशिंग सेंटर’ के अंदर से जले हुए कपड़े और अन्य सबूत बरामद किए हैं। पुलिस ने पीड़ित के शुरुआती बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। सोमवार को पुलिस ने दबिश देकर आरोपी मन्नू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस वारदात के पीछे कोई पुरानी रंजिश भी थी या यह केवल नशे में उठाया गया कदम था।
