Washington News: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी ने पूरी दुनिया को चौंका दिया है। होटल हिल्टन के बाहर हुई इस हिंसक घटना में अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने 31 साल के कोल थॉमस एलन को गिरफ्तार किया है। एलन मूल रूप से कैलिफोर्निया का निवासी है और उस पर बेहद गंभीर आरोप लगे हैं। सुरक्षा अधिकारियों की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि एलन राष्ट्रपति और अन्य विशिष्ट मेहमानों के बेहद करीब पहुंचने की कोशिश कर रहा था।
मैकेनिकल इंजीनियर से गेम डेवलपर तक का सफर
कोल थॉमस एलन की प्रोफाइल किसी पेशेवर विशेषज्ञ जैसी नजर आती है। वह कैलिफोर्निया प्रौद्योगिकी संस्थान (कैलटेक) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट है। इसके बाद उसने कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में मास्टर की डिग्री भी हासिल की है। एलन ने ‘Bohrdom’ और ‘First Law’ जैसे इंडी गेम्स विकसित किए हैं। सोशल मीडिया पर उसे एक शांत और बुद्धिमान मैकेनिकल इंजीनियर, कंप्यूटर साइंटिस्ट और पार्ट-टाइम टीचर के तौर पर पेश किया गया है, जिसने नासा जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ भी काम किया है।
नासा की फेलोशिप और बेहतरीन करियर बैकग्राउंड
एलन का पिछला रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है। उसने वर्ष 2014 में नासा की जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी में रिसर्च स्कॉलरशिप के तहत काम किया था। इसके अलावा वह ‘IJK कंट्रोल्स’ में इंजीनियर और कैलटेक में टीचिंग असिस्टेंट भी रह चुका है। कुछ अपुष्ट रिपोर्टों के अनुसार उसे लॉस एंजिल्स काउंटी में ‘टीचर ऑफ द मंथ’ का सम्मान भी मिल चुका है। इतने शानदार करियर और शिक्षा के बावजूद उसके द्वारा इस तरह के घातक हमले का प्रयास करना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
सुरक्षा घेरा तोड़ने का प्रयास और गंभीर कानूनी आरोप
अमेरिकी अटॉर्नी जीनिन पिरो के अनुसार एलन पर हिंसक अपराध के दौरान घातक हथियार के इस्तेमाल और संघीय अधिकारी पर हमले के आरोप लगाए जाएंगे। जांच में पता चला है कि वह भारी नुकसान पहुंचाने के इरादे से आया था। सोमवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा। एफबीआई (FBI) के डायरेक्टर काश पटेल ने स्पष्ट किया है कि एजेंसी संदिग्ध के बैकग्राउंड और मकसद की गहन जांच कर रही है। गनीमत रही कि होटल के बाहर लगा सुरक्षा चैक पोस्ट पूरी तरह सक्रिय था और उसे समय रहते दबोच लिया गया।
