India News: ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में दो भारतीय व्यापारिक जहाजों पर अचानक गोलीबारी कर दी। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया है। दोनों भारतीय जहाजों को तुरंत अपना रास्ता बदलना पड़ा। गनीमत रही कि इस हमले में जहाज और चालक दल पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के तुरंत बाद भारत सरकार ने बड़ा कड़ा एक्शन लिया है। नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने ईरानी राजदूत को तलब कर भारत की कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।
ईरानी गार्ड्स ने बिना चेतावनी दागीं ताबड़तोड़ गोलियां
यह खौफनाक घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड की दो गनबोट्स भारतीय जहाजों के करीब आईं। उन्होंने बिना किसी रेडियो चेतावनी के सीधे फायरिंग शुरू कर दी। एक जहाज में लगभग बीस लाख बैरल इराकी तेल लदा हुआ था। फायरिंग के बाद दोनों जहाजों ने होर्मुज पार किए बिना यू-टर्न ले लिया। अच्छी बात यह रही कि दोनों जहाजों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और चालक दल सुरक्षित रहा।
वीडियो में दिखी ईरानी नेवी की बड़ी दादागिरी
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में ईरानी नेवी ने कंटेनर जहाज भाग्य लक्ष्मी को रोका। इस जहाज पर भारतीय क्रू सवार था और यह यूएई से रवाना हुआ था। ईरानी नेवी ने कहा कि जहाज के पास होर्मुज पार करने की अनुमति नहीं है। भारतीय जहाज के चालक दल ने तुरंत स्थिति की गंभीरता को समझा। उन्होंने ईरानी नेवी की बात विनम्रतापूर्वक मान ली और बिना विवाद के जहाज वापस मोड़ लिया।
भारत का सख्त रवैया, ईरानी राजदूत को किया तलब
भारत के विदेश मंत्रालय ने इस घटना पर कड़ा बयान जारी किया है। नई दिल्ली में विदेश सचिव ने ईरान के राजदूत डॉ मोहम्मद फथअली के साथ अहम बैठक की। बैठक में भारत ने जहाजों पर हुई गोलीबारी की घटना पर कड़ी चिंता जताई। विदेश सचिव ने मर्चेंट जहाजों और नाविकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने ईरान से भारत जाने वाले जहाजों को सुरक्षित रास्ता देने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने का आग्रह किया।
