फारबिसगंज स्टेशन पर हाई वोल्टेज ड्रामा: मालगाड़ी की छत पर चढ़ी महिला, 25 हजार वोल्ट की बिजली बंद कर बचाई जान

Araria News: बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अचानक प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर खड़ी मालगाड़ी की छत पर चढ़ गई। इस मंजर को देख यात्रियों के होश उड़ गए, क्योंकि ट्रेन के ठीक ऊपर से 25 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी। आनन-फानन में रेलवे प्रशासन को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद पूरे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।

रेलवे की तत्परता से टला बड़ा हादसा: रोकी गई बिजली सप्लाई

घटना की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ प्रभारी उमेश प्रसाद सिंह और स्टेशन प्रबंधक नवीन कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। सबसे पहले टीआरडी अररिया को सूचना देकर ओवरहेड बिजली सप्लाई (OHE) को तत्काल बंद कराया गया। यदि समय रहते बिजली नहीं काटी जाती, तो हाई-वोल्टेज तारों की चपेट में आने से महिला की जान जा सकती थी। रेलवे कर्मियों की इस सूझबूझ ने एक बड़े और दर्दनाक हादसे को टाल दिया।

एक घंटे तक चला ड्रामा: अंग्रेजी में बात कर रही थी महिला

मालगाड़ी की छत पर खड़ी महिला ने करीब एक घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा किया। आरपीएफ और रेलवे के जवानों द्वारा बार-बार नीचे उतरने की अपील के बावजूद वह टस से मस नहीं हुई। काफी मान-मनौव्वल और समझाने के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया। चौंकाने वाली बात यह है कि पूछताछ के दौरान महिला फर्राटेदार अंग्रेजी में बात कर रही थी, जिससे रेलवे अधिकारी भी हैरान रह गए।

बेगूसराय की रहने वाली ‘पल्लवी’ के रूप में हुई पहचान

सुरक्षित नीचे उतारे जाने के बाद महिला को जीआरपी जोगबनी के हवाले कर दिया गया। शुरुआती पूछताछ में उसने अपना नाम पल्लवी और अपना घर बेगूसराय बताया है। हालांकि, उसके व्यवहार और मानसिक स्थिति को देखते हुए पुलिस द्वारा दी गई जानकारियों का सत्यापन किया जा रहा है। जीआरपी अब इस बात की जांच कर रही है कि महिला स्टेशन तक कैसे पहुंची और उसने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया।

SOURCE: न्यूज एजेंसी
/ month
placeholder text

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories