Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुदाबाद में दंपती की नृशंस हत्या करने वाले मुख्य आरोपियों के साथ पुलिस की भीषण मुठभेड़ हुई है। गुरुवार शाम सात बजे हुई इस जवाबी कार्रवाई में 25-25 हजार रुपये के इनामी आरोपी फरजंद और उसके चचेरे भाई सुहैल के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एसएसपी सतपाल अंतिल ने हत्याकांड के कुछ घंटे बाद ही चारों फरार आरोपियों पर इनाम घोषित किया था।
मात्र 16 हजार रुपये के विवाद में दंपती पर किए थे ताबड़तोड़ वार
यह सनसनीखेज हत्याकांड महज चंद रुपयों के लालच और विवाद के कारण अंजाम दिया गया। मृतक राजा ने आरोपी फहीम से एक मकान का सौदा 2.26 लाख रुपये में किया था। राजा ने दो लाख रुपये का भुगतान कर दिया था, लेकिन बकाया 24 हजार रुपये के बदले आरोपी नए रेट के हिसाब से 40 हजार रुपये मांग रहे थे। सोमवार रात इसी विवाद में आरोपियों ने घर में घुसकर राजा और उसकी पत्नी फराह की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा: राजा के शरीर पर मिले जख्मों के 40 निशान
हत्याकांड की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुख्य आरोपी फरजंद और उसके साथियों ने राजा के शरीर पर 40 और उसकी पत्नी पर 6 बार चाकू से वार किए। इस मामले में पुलिस अब तक चार आरोपियों को मुठभेड़ और दबिश के दौरान गिरफ्तार कर चुकी है। एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह के अनुसार, अब आरिफ और नवाब की तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। आरोपियों पर हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज है।
