Mumbai News: साल 2026 की शुरुआत बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार के लिए बेहद शानदार रही है। उनकी लेटेस्ट फिल्म ‘भूत बंगला’ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर लौटी अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी ने दर्शकों को फिर से दीवाना बना दिया है। फिल्म की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि कॉमेडी के किंग आज भी बॉक्स ऑफिस पर अपना पुराना जादू बिखेरने का दम रखते हैं।
बॉक्स ऑफिस पर ‘पुराने अक्षय’ की शानदार वापसी
करीब 14 साल के लंबे इंतजार के बाद प्रियदर्शन और अक्षय कुमार एक साथ आए हैं। इस हॉरर-कॉमेडी को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। ‘भूत बंगला’ ने न केवल भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी तगड़ी कमाई की है। फिल्म की खास बात यह है कि नॉन-वीकेंड के दिनों में भी इसके कलेक्शन में ज्यादा गिरावट नहीं देखी गई। गुरुवार को फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर लगभग 5.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन में गाड़े झंडे
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, ‘भूत बंगला’ ने सात दिनों में दुनियाभर में करीब 135.45 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है। विदेशी बाजारों में भी फिल्म की पकड़ मजबूत बनी हुई है, जहां इसका कुल कलेक्शन 35.50 करोड़ रुपये के पार जा चुका है। फिल्म का कुल भारतीय ग्रॉस कलेक्शन अब 99 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है। यानी यह फिल्म भारतीय बाजार में 100 करोड़ के क्लब में शामिल होने से महज एक कदम दूर है।
बजट निकालकर अब मोटा मुनाफा कमा रही है फिल्म
फिल्म ‘भूत बंगला’ को लगभग 120 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया था। फिल्म ने रिलीज के छठे दिन यानी बुधवार तक ही अपनी लागत वसूल कर ली थी। अब फिल्म जो भी कमाई कर रही है, वह सीधे तौर पर मुनाफे की श्रेणी में आ रही है। घरेलू बाजार में नेट कलेक्शन 84 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि दूसरे वीकेंड पर फिल्म की कमाई में एक बार फिर बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है।
