Delhi News: राजधानी में एक IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी के साथ उसी के घर में रेप और हत्या की वारदात ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। आरोपी राहुल मीणा ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। उसने लड़की पर टेबल लैंप और पानी की बोतल से हमला किया। फिर बेहोशी की हालत में यौन हिंसा की और मोबाइल चार्जिंग कॉर्ड से गला घोंटकर हत्या कर दी।
लॉकर तोड़कर नकदी ले भागा, लेकिन छूट गई ट्रेन
आरोपी ने घर में मौजूद डिजिटल लॉकर खोलने की कोशिश की। उसने पीड़िता के फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल करना चाहा, लेकिन असफल रहा। इसके बाद स्क्रूड्राइवर से लॉकर तोड़कर करीब 2.5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गया। उसने खून से सने कपड़े बदले और पीड़िता का फोन पार्क में फेंक दिया। वह जल्दी से रेलवे स्टेशन पहुंचा, लेकिन ट्रेन छूट गई। यह छोटी सी चूक उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई।
होटल में रुकना बना जाल, पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार
ट्रेन छूटने के बाद आरोपी द्वारका के एक होटल में रुकने का फैसला लिया। उसने होटल में अपनी आईडी दी और वाईफाई का इस्तेमाल किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल सर्विलांस और होटल रिकॉर्ड्स के जरिए उसे ट्रैक किया। आईपी डेटा और स्थानीय सूचनाओं से लोकेशन कन्फर्म हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया। अगर वह ट्रेन पकड़ लेता, तो पुलिस के लिए उसे पकड़ना बेहद मुश्किल होता।
वारदात पहले से थी प्लान, घर की जानकारी थी आरोपी को
जांच में पता चला है कि आरोपी को घर के रूटीन और व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। उसने उसी के अनुसार समय चुना और वारदात को अंजाम दिया। वह पहले ऊपर के कमरे में पहुंचा, जहां लड़की पढ़ाई कर रही थी। विरोध करने पर उसने हमला कर दिया। सिर पर वार के बाद पीड़िता बेहोश हो गई। इसके बाद उसने उसे बाल पकड़कर नीचे खींचा। पूरी घटना में आरोपी ने बेहद शातिराना तरीका अपनाया।
डिजिटल ट्रैकिंग और सीसीटीवी से खुला राज
दिल्ली पुलिस की टेक्निकल टीम ने इस केस में अहम भूमिका निभाई। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और होटल के रिकॉर्ड्स ने मिलकर आरोपी तक पहुंचने का रास्ता खोल दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने भागने की कई कोशिशें कीं, लेकिन हर कदम पर कोई न कोई सबूत छोड़ गया। यह केस इस बात का सबूत है कि अपराध चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, एक छोटी सी चूक उसे बेनकाब कर देती है।
