Maharashtra News: आईपीएल 2026 के 33वें मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने मुंबई इंडियंस को उनके घर में बुरी तरह रौंद दिया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में चेन्नई ने 103 रनों के विशाल अंतर से जीत हासिल की। यह चेन्नई की आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। वहीं मुंबई इंडियंस को अपने इतिहास की सबसे शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। संजू सैमसन के शानदार नाबाद शतक और गेंदबाजों के घातक प्रदर्शन ने मुंबई की टीम को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।
संजू सैमसन का वानखेड़े में ऐतिहासिक धमाका
चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने विस्फोटक बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश किया। उन्होंने महज 54 गेंदों पर नाबाद 101 रनों की पारी खेली। इस यादगार पारी में सैमसन के बल्ले से 10 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के निकले। यह उनके आईपीएल करियर का पांचवां और इस सीजन का दूसरा शतक है। दूसरे छोर से विकेट गिरने के बावजूद सैमसन ने अपना संयम नहीं खोया। उन्होंने आखिरी गेंद पर पुल शॉट लगाकर अपना शतक पूरा किया और टीम का स्कोर 207 तक पहुंचाया।
मुंबई इंडियंस का बल्लेबाजी क्रम हुआ ध्वस्त
208 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद डरावनी रही। क्विंटन डी कॉक, दानिश मालेवार और नमन धीर जैसे बड़े खिलाड़ी सस्ते में पवेलियन लौट गए। तिलक वर्मा ने 37 और सूर्यकुमार यादव ने 36 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया। लेकिन अकील हुसैन की फिरकी ने मुंबई के मध्यक्रम को तहस-नहस कर दिया। मुंबई की पूरी टीम 19 ओवरों में महज 104 रनों पर सिमट गई। हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली टीम को सात मैचों में पांचवीं हार झेलनी पड़ी।
अकील हुसैन और नूर अहमद की घातक गेंदबाजी
चेन्नई की इस ऐतिहासिक जीत में स्पिन जोड़ी अकील हुसैन और नूर अहमद ने अहम भूमिका निभाई। अकील हुसैन ने अपनी जादुई गेंदबाजी से अकेले 4 विकेट चटकाए और मुंबई की कमर तोड़ दी। वहीं नूर अहमद ने कप्तान हार्दिक पांड्या सहित दो महत्वपूर्ण बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। तेज गेंदबाज अंशुल कम्बोज और ओवर्टन ने भी विकेट झटककर जीत की औपचारिकता पूरी की। चेन्नई के गेंदबाजों ने अनुशासन के साथ गेंदबाजी करते हुए मुंबई के किसी भी बल्लेबाज को टिकने का मौका नहीं दिया।
रिकॉर्ड्स की झड़ी और इमोशनल पल
इस मैच में संजू सैमसन ने शतक जड़कर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। उन्होंने आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में केएल राहुल की बराबरी कर ली है। मैच के दौरान एक भावुक पल भी दिखा जब चेन्नई के खिलाड़ी काली पट्टी बांधकर उतरे। यह सम्मान मुकेश चौधरी की मां के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए दिया गया। इस जीत के साथ ही चेन्नई सुपरकिंग्स अब अंक तालिका में सात मैचों में तीन जीत के साथ अपनी स्थिति मजबूत कर चुकी है।
