Andhra Pradesh News: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उनकी सर्जरी की। पिछले कुछ महीनों से वह अस्वस्थ चल रहे थे। जनसेना पार्टी ने बताया कि शुक्रवार को एक बैठक के दौरान उन्हें तेज बेचैनी हुई। मेडिकल जांच और एमआरआई स्कैन के बाद ऑपरेशन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर उनका हालचाल जाना।
शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान बिगड़ी तबीयत
जनसेना पार्टी के बयान के अनुसार, पवन कल्याण शुक्रवार सुबह प्रशासनिक मामलों पर अधिकारियों से चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक गंभीर बेचैनी महसूस हुई। वह पिछले कई महीनों से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। निजी चिकित्सकों की सलाह पर उन्होंने शुक्रवार के सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द कर दिए। इसके बाद वह अस्पताल गए। डॉक्टरों ने एमआरआई स्कैन सहित कई जांचें कीं। रिपोर्ट देखने के बाद डॉक्टरों ने सर्जरी करने का फैसला लिया।
शनिवार शाम को हुआ ऑपरेशन, एक सप्ताह आराम की सलाह
पवन कल्याण का ऑपरेशन शनिवार शाम को हुआ। पार्टी ने बताया कि सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने उन्हें कम से कम एक सप्ताह आराम करने की सलाह दी है। हालांकि, डॉक्टरों ने यह भी संकेत दिया है कि पूरी तरह ठीक होने में अधिक समय लग सकता है। लंबे समय तक सावधानी बरतने की जरूरत होगी। पवन कल्याण ने आधिकारिक कार्यों से कुछ दिनों की छुट्टी ले ली है। उनके प्रशंसक और समर्थक लगातार उनके स्वास्थ्य की प्रार्थना कर रहे हैं।
नागेंद्र बाबू ने दिया हेल्थ अपडेट, कहा- तेजी से ठीक हो रहे हैं
अभिनेता-राजनेता नागेंद्र बाबू ने सोशल मीडिया पर पवन कल्याण के स्वास्थ्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कल्याण का सर्जरी सफल रही। अब वह सुरक्षित, स्वस्थ और तेजी से ठीक हो रहे हैं। नागेंद्र बाबू ने कहा कि उन्हें कुछ दिनों के आराम की जरूरत है। वह जल्द ही नई ऊर्जा के साथ लौटेंगे। उन्होंने प्रशंसकों से प्रार्थना और सकारात्मक विचार रखने की अपील की। उनका धैर्य हम सबके लिए प्रेरणा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने फोन कर पूछा हालचाल, एक्स पर लिखी बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पवन कल्याण से फोन पर बात की। उन्होंने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मैंने आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री पवन कल्याण गारू से बात की। वे असाधारण रूप से साहसी हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि वे जल्द ही स्वस्थ हो जाएंगे।” पीएम ने उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना भी की। इससे पहले पवन कल्याण का आखिरी ट्वीट शनिवार सुबह आया था। उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक पर प्रतिक्रिया दी थी।
