Liver Health: कम शराब पीते हैं तो भी खतरा? USC की स्टडी ने चौंकाया- महीने में एक बार ज्यादा पीना भी तीन गुना बढ़ा सकता है लिवर स्कारिंग का खतरा

Health News: लिवर को सुरक्षित रखने के लिए सिर्फ शराब की मात्रा ही मायने नहीं रखती, बल्कि पीने का तरीका भी उतना ही अहम है। अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ साउदर्न कैलिफोर्निया (USC) की एक स्टडी के अनुसार, जो लोग कभी-कभी एक ही दिन में अधिक शराब पी लेते हैं, उनमें लिवर खराब होने का जोखिम काफी बढ़ जाता है। यह खतरा तब भी रहता है, जब वे बाकी दिनों में बहुत कम या सीमित मात्रा में शराब पीते हों।

महिलाओं के लिए 4, पुरुषों के लिए 5 पेग से ज्यादा है खतरनाक

स्टडी में पाया गया कि जो लोग महीने में कम से कम एक बार एक दिन में ज्यादा शराब पीते हैं, उनमें लिवर में स्कारिंग (फाइब्रोसिस) होने का खतरा लगभग तीन गुना बढ़ जाता है। महिलाओं के लिए एक बार में 4 पेग या उससे ज्यादा और पुरुषों के लिए 5 पेग या उससे ज्यादा पीना ‘बिंज ड्रिंकिंग’ की श्रेणी में आता है। शोधकर्ताओं ने 8,000 से अधिक लोगों के डेटा का विश्लेषण किया और पाया कि आधे से अधिक लोग कभी-कभी इस तरह की शराब पीने की आदत रखते हैं।

MASLD से पीड़ित लोगों के लिए और भी ज्यादा जोखिम

यह रिसर्च खासतौर पर एक आम लिवर बीमारी MASLD (मेटाबोलिक डिसफंक्शन-असोसिएटेड स्टीटोटिक लिवर डिजीज) पर आधारित थी। यह बीमारी उन लोगों में अधिक देखी जाती है, जिनका वजन ज्यादा है या जिन्हें डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर या कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याएं हैं। MASLD से पीड़ित लोगों के लिए बिंज ड्रिंकिंग और भी घातक साबित हो सकती है। डॉक्टरों के अनुसार, एक साथ अधिक शराब पीने से लिवर पर अचानक दबाव पड़ता है, जिससे सूजन बढ़ती है और धीरे-धीरे लिवर को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।

डॉक्टर पहले सिर्फ कुल मात्रा पर देते थे ध्यान, अब बदलेगा नजरिया

शोधकर्ताओं का कहना है कि पहले डॉक्टर केवल कुल शराब की मात्रा पर ध्यान देते थे। लेकिन अब यह समझना जरूरी है कि शराब पीने का तरीका भी उतना ही महत्वपूर्ण है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि कभी-कभी होने वाली ‘बिंज ड्रिंकिंग’ को हल्के में नहीं लेना चाहिए। यह आदत लंबे समय में गंभीर लिवर बीमारी का कारण बन सकती है। इसलिए, अगर आप कभी-कभी एक साथ बहुत अधिक शराब पीते हैं, तो अपनी इस आदत पर पुनर्विचार करना जरूरी है, खासकर यदि आप पहले से लिवर से जुड़ी किसी समस्या से ग्रस्त हैं।

SOURCE: न्यूज एजेंसी
/ month
placeholder text

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories