Himachal News: जिला शिमला के जुब्बल क्षेत्र में महिलाओं की सतर्कता और साहस ने अवैध शराब तस्करी का पर्दाफाश कर दिया। गांव झगटन के महिला मंडल की सदस्यों ने एक संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 84 बोतल अवैध देशी शराब बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
कार से बरामद हुईं 7 पेटियों में 84 बोतलें
महिला मंडल झगटन की पहल पर गुरुवार देर शाम थाना जुब्बल पुलिस टीम ने बडेश के पास एक कार (HP-01A-9727) को रोका। यह कार सवाड़ा बाजार की ओर से आ रही थी। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 7 पेटियां मिलीं, जिनमें कुल 84 बोतल अवैध देशी शराब रखी हुई थी। बरामद शराब में सुपर संतरा, नाटी नंबर-1 और संतरा नंबर-1 जैसे ब्रांड शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, यह शराब तस्करी के जरिए बेची जानी थी। पुलिस ने तुरंत वाहन और शराब को जब्त कर लिया।
दो तस्कर गिरफ्तार, उत्तराखंड से आया था एक आरोपी
मौके से पुलिस ने शेर सिंह (जिला देहरादून, उत्तराखंड) और इंद्र सिंह पंता (जिला शिमला) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी अवैध शराब की तस्करी में लिप्त थे। पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि इस संबंध में थाना जुब्बल में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी कितने समय से इस गैरकानूनी धंधे में शामिल थे और उनके अन्य साथी कौन-कौन हैं।
महिलाओं की सतर्कता ने की बड़ी कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई में महिला मंडल की सदस्यों की भूमिका सबसे अहम रही। गांव झगटन की महिलाओं ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और बिना किसी डर के पुलिस को इसकी सूचना दी। उनकी जागरूकता और हिम्मत ने न सिर्फ अवैध शराब कारोबार पर चोट की, बल्कि यह भी साबित किया कि समाज की सुरक्षा में स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं की भागीदारी कितनी जरूरी है। पुलिस ने भी महिलाओं के इस सहयोग की साराहना की है। अवैध शराब तस्करी इस क्षेत्र में एक बड़ी समस्या रही है, जिस पर अब कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने की सराहना, जांच जारी
पुलिस ने महिला मंडल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सहयोग से कानून व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलती है। फिलहाल जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह शराब कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई की जानी थी। आरोपियों से पूछताछ में और भी खुलासे हो सकते हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। इससे न सिर्फ अपराधों पर रोक लगेगी, बल्कि समाज और अधिक सुरक्षित बनेगा।
