Maharajganj News: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक घर की खुशियां मातम में बदल गईं। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के थापापुर गांव में शनिवार सुबह जब नई दुल्हन के स्वागत (परछावन) की रस्में चल रही थीं, ठीक उसी वक्त घर की बड़ी बहू अंशु का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। जिस घर में शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।
बरात न ले जाने पर उपजा था विवाद
घटना की पृष्ठभूमि शुक्रवार से जुड़ी है, जब कृष्ण गोपाल द्विवेदी के छोटे भाई कृष्ण मोहन की बरात कुर्रहवा गई थी। बताया जा रहा है कि बड़ी बहू अंशु भी बरात में शामिल होना चाहती थी, लेकिन उसके पति ने उसे घर पर ही रुकने को कहा। पति की मनाही के बाद वह मन मारकर घर पर रुक गई और रात भर अन्य रिश्तेदारों के साथ वैवाहिक गीतों और रस्मों में हिस्सा लेती रही। किसी को अंदाजा नहीं था कि उसके मन में क्या चल रहा है।
परछावन के लिए बुलाने गए परिजनों के उड़े होश
शनिवार सुबह करीब 9 बजे जब बरात नई दुल्हन के साथ दरवाजे पर पहुंची, तो परछावन की रस्म के लिए बड़ी बहू अंशु की तलाश शुरू हुई। परिजन उसे बुलाने कमरे तक पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई हलचल नहीं हुई, तो अनहोनी की आशंका में परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर अंशु का शव पंखे से लटका देख घर में कोहराम मच गया। दुल्हन के स्वागत की तैयारियां धरी की धरी रह गईं।
मायके पक्ष ने लगाया हत्या और प्रताड़ना का आरोप
घटना की सूचना मिलते ही अंशु के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अंशु के पति, सास और देवर पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। मायके पक्ष का कहना है कि उनकी बेटी को प्रताड़ित किया गया और यह हत्या का मामला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की मां कमलावती और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस कर रही है पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
प्रभारी थानाध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा ने बताया कि मृतका के भाई कृष्णचंद्र दुबे की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और साजिश। थानाध्यक्ष के अनुसार, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल, गांव में तनाव और शोक का माहौल देखते हुए पुलिस बल तैनात है।


