Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली में 26 अप्रैल की आधी रात एक नशे में धुत हवलदार ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि दिल्ली पुलिस के हवलदार नीरज ने महज “बिहार का निवासी” होने के कारण 23 वर्षीय पांडव कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। पांडव जोमैटो में डिलीवरी बॉय का काम करता था और अपने घर का अकेला सहारा था। इस सनसनीखेज वारदात में पांडव का साथी कृष्णा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
सिर्फ पता पूछने पर शुरू हुआ विवाद और फिर चली गोली
घटना उस वक्त हुई जब पांडव और कृष्णा अपने एक दोस्त के बेटे की बर्थडे पार्टी से वापस लौट रहे थे। रास्ते में हवलदार नीरज ने उन्हें रोका और उनका पता पूछा। जैसे ही पांडव ने बताया कि वह बिहार के खगड़िया का रहने वाला है, नीरज भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। चश्मदीदों के मुताबिक, शराब के नशे में चूर हवलदार ने बिना सोचे-समझे पिस्टल निकाली और पांडव के सीने से सटाकर फायरिंग कर दी।
घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था पांडव कुमार
पांडव का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है और 15 साल पहले बेहतर भविष्य के लिए खगड़िया से दिल्ली आया था। उसके पिता लंबे समय से बीमार हैं और मां दूसरों के घरों में काम करती है। भाई भी टीबी जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। पांडव दिन-रात जोमैटो के लिए डिलीवरी कर पूरे घर का खर्च चलाता था। उसकी मौत के बाद उत्तम नगर की प्रजापति कॉलोनी में रहने वाले इस परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
फरार हवलदार रोहतक से गिरफ्तार, पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवलदार नीरज मौके से फरार हो गया था। दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित कीं और अंततः उसे हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार कर लिया। नीरज के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह हमला रंजिश का हिस्सा था या फिर नशे में की गई महज एक सनक।
विपक्ष ने साधा निशाना: बिहारी होने पर निशाना बनाए जाने का आरोप
इस घटना के बाद बिहार और दिल्ली की राजनीति गर्मा गई है। तेजस्वी यादव और पप्पू यादव जैसे बड़े नेताओं ने दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में बिहारियों को निशाना बनाना आम हो गया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए न्याय और भारी मुआवजे की मांग की है। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
बर्थडे पार्टी की खुशी मातम में बदली
शनिवार की रात पांडव अपने दोस्त रूपेश के बेटे के दूसरे जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जाफरपुर कलां गया था। पार्टी खत्म होने के बाद वह बाइक से वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में उसकी मुलाकात मौत बनकर आए हवलदार से हो गई। रूपेश और अन्य दोस्त अब भी इस सदमे में हैं कि चंद मिनटों पहले उनके साथ हंसने-खेलने वाला पांडव अब इस दुनिया में नहीं रहा। पुलिस अब चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है।


