International News: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन (WHCA) के डिनर के दौरान हुई गोलीबारी मामले में चौंकाने वाले अपडेट सामने आए हैं। सुरक्षा एजेंसियों की शुरुआती जांच में यह पुख्ता हो गया है कि यह हमला केवल एक संयोग नहीं, बल्कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके शीर्ष अधिकारियों को निशाना बनाने की एक सोची-समझी साजिश थी। अमेरिकी एक्टिंग अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने एनबीसी न्यूज को दिए इंटरव्यू में पुष्टि की है कि हमलावर का मुख्य लक्ष्य प्रशासन के महत्वपूर्ण सदस्य थे।
कैलिफोर्निया से ट्रेन के जरिए पहुंचा वॉशिंगटन
जांच में खुलासा हुआ है कि 31 वर्षीय संदिग्ध कोल टॉमस एलन लॉस एंजिल्स से ट्रेन द्वारा शिकागो होते हुए वॉशिंगटन डीसी पहुंचा था। उसने वॉशिंगटन हिल्टन होटल में प्रवेश पाने के लिए किसी ‘बैकडोर’ या विशेष रास्ते का इस्तेमाल किया था, जिसकी एजेंसियां अब सघन जांच कर रही हैं। अधिकारियों ने संदिग्ध के ठिकानों पर तलाशी वारंट जारी किए हैं। हालांकि, ब्लैंच ने चिंता जताई है कि संदिग्ध पूछताछ में बिल्कुल भी सहयोग नहीं कर रहा है, जिससे उसके असली आकाओं तक पहुंचने में देरी हो रही है।
व्हाइट हाउस में ‘टॉप सीक्रेट बॉलरूम’ की मांग
इस हमले के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी सुरक्षा को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट कर व्हाइट हाउस परिसर के भीतर ही एक “मिलिट्री टॉप सीक्रेट बॉलरूम” के निर्माण की मांग दोहराई है। ट्रंप का कहना है कि पिछले 150 सालों से हर राष्ट्रपति ने एक सुरक्षित बॉलरूम की जरूरत महसूस की है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा सुरक्षित परिसर मौजूद होता, तो हिल्टन होटल जैसी सार्वजनिक जगह पर जाने की जरूरत ही नहीं पड़ती और यह घटना कभी नहीं होती।
सुरक्षा के लिए ‘अभेद्य किला’ बनाने की योजना
ट्रंप ने अपने पोस्ट में बताया कि प्रस्तावित बॉलरूम न केवल दिखने में खूबसूरत होगा, बल्कि सुरक्षा के मामले में दुनिया की सबसे सुरक्षित इमारत होगी। इसमें ड्रोन-प्रूफ छत, बैलिस्टिक ग्लास और उच्च स्तरीय सैन्य सुरक्षा कवच मौजूद होगा। उन्होंने इस परियोजना के खिलाफ दायर मुकदमों को ‘बेतुका’ करार देते हुए कहा कि इसे बिना किसी रुकावट के तय समय से पहले पूरा किया जाना चाहिए। फिलहाल एफबीआई (FBI) और सीक्रेट सर्विस की संयुक्त टीम इस पूरे हमले की अंतरराष्ट्रीय साजिशों के एंगल से भी जांच कर रही है।
