दिल्ली में आज 45 डिग्री पार पहुंचेगा तापमान, AQI भी 300 के पार; IMD ने ऑरेंज अलर्ट किया जारी, मंगलवार से हल्की बूंदाबांदी के आसार

Delhi News: राजधानी में गर्मी अब खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है और आने वाले दिन इसे और भीषण बनाने वाले हैं। मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि दिल्ली वालों को अभी और तपन झेलनी होगी। शनिवार से शुरू हुई तेज लू और गर्म हवाओं का दौर रविवार को अपने चरम पर रहेगा। लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग जरूरी काम भी टालते नजर आए।

रविवार का पारा 45 डिग्री को छू सकता है

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इसे देखते हुए आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। इसका अर्थ है कि लू का प्रभाव बेहद गंभीर रहेगा और लोगों को अत्यधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। सोमवार को भी स्थिति में ज्यादा राहत नहीं मिलेगी और गर्म हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा।

शनिवार रहा सीजन का सबसे गर्म दिन

दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला में शनिवार को अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक था और इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन बन गया। न्यूनतम तापमान भी 25.2 डिग्री पर बना रहा। हवा में नमी का स्तर 20 से 69 प्रतिशत के बीच रहा जिससे तेज गर्मी के साथ उमस ने भी लोगों को बेहाल रखा।

रविवार को 30 KMPH रफ्तार से चलेंगी गर्म हवाएं

रविवार को गर्मी और भी ज्यादा परेशानी पैदा कर सकती है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के दायरे में रहेगा और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के आसपास दर्ज होगा। इन सबके बीच 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज गर्म हवाएं चलेंगी। यह लू के दंश को और भी तीखा बना देंगी। बच्चों और बुजुर्गों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

मंगलवार से आंधी और बूंदाबांदी की उम्मीद

मौसम विभाग के वैज्ञानिक समरजीत चौधरी के अनुसार, मंगलवार से मौसम करवट बदल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तेज हवाएं चलेंगी और कई जगहों पर धूल भरी आंधी उठ सकती है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की जा सकती है। हालांकि यह राहत ज्यादा लंबे समय तक बनी रहने की संभावना फिलहाल कम ही नजर आ रही है।

प्रदूषण ने बढ़ाई दिल्ली की दोहरी मार

भीषण तपिश के बीच दिल्ली की हवा भी लगातार जहरीली होती जा रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शनिवार को शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 243 दर्ज किया गया जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। इससे एक दिन पहले यह 226 था। वहीं शनिवार शाम को शहर के पांच इलाकों में एक्यूआई 300 के पार ‘बेहद खराब’ स्तर पर पहुंच गया जो सेहत के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है।

SOURCE: न्यूज एजेंसी
/ month
placeholder text

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories