Delhi News: दिल्ली में एक आईआरएस अधिकारी की बेटी के साथ उसी के घर में घुसकर दुष्कर्म और हत्या की वारदात ने हर मां-बाप और हर लड़की को झकझोर कर रख दिया है। आरोपी पुराना नौकर होने के कारण घर का रास्ता जानता था। यह घटना बताती है कि आज महिलाएं अपने ही घरों में असुरक्षित हैं। ऐसे में अगर आप घर पर अकेली रहती हैं तो आज ही अपनी सुरक्षा के लिए इन स्मार्ट गैजेट्स को जरूर अपनाएं।
स्मार्ट डोर लॉक: बिना पासवर्ड अंदर आना नामुमकिन
सुरक्षा की पहली और सबसे मजबूत दीवार आपके घर का मुख्य दरवाजा है। स्मार्ट डोर लॉक लगवाकर आप इसे अभेद्य बना सकती हैं। इस लॉक को कोई भी बाहरी अनजान शख्स नहीं खोल सकता क्योंकि इसे खोलने के लिए पासवर्ड, फिंगरप्रिंट या मोबाइल ऐप की जरूरत पड़ती है। इसमें ऑटो-लॉक फीचर भी होता है। दरवाजा बंद होते ही यह अपने आप लॉक हो जाता है और आपकी चिंता खत्म हो जाती है।
CCTV कैमरा: मीलों दूर से रखें घर पर नजर
घर की सुरक्षा को बेहद मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरा सिस्टम एक जरूरी कदम है। आप घर के मुख्य दरवाजे, बालकनी और पीछे के रास्ते जैसी संवेदनशील जगहों पर कैमरे लगवा सकती हैं। आजकल के स्मार्ट कैमरे मोबाइल फोन से कनेक्ट होकर लाइव फीड दिखाते हैं। आप इन कैमरों का एक्सेस अपने माता-पिता को भी दे सकती हैं ताकि कोई संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत अलर्ट मिल जाए।
वीडियो डोर फोन: दरवाजा खोलने से पहले देखो और बात करो
अगर कोई दरवाजे पर आता है तो अंदर से झांकने के बजाय स्मार्ट डोरबेल या वीडियो डोर फोन का इस्तेमाल करें। इस उपकरण की स्क्रीन पर आप सामने खड़े व्यक्ति को साफ-साफ देख सकती हैं और बात भी कर सकती हैं। उसके आने का कारण पूछने के बाद ही दरवाजा खोलें। यह खासतौर पर अकेली रहने वाली महिलाओं के लिए बेहद शक्तिशाली और सुरक्षित विकल्प है।
स्मार्ट अलार्म सिस्टम: घुसपैठ की कोशिश पर गूंजेगा सायरन
अगर कोई जबरदस्ती घर में घुसने की कोशिश करता है तो स्मार्ट अलार्म सिस्टम तुरंत एक्टिव हो जाता है। इस सिस्टम में तेज आवाज का सायरन बजने लगता है और आपके मोबाइल पर इमरजेंसी अलर्ट पहुंच जाता है। इसमें इलेक्ट्रिक फेंसिंग और डिजिटल कैमरा मॉनिटरिंग दोनों साथ काम करते हैं। इलेक्ट्रिक फेंस को छूते ही सायरन बजता है और कैमरा डिटेक्शन से भी तुरंत अलर्ट मिलता है। ये स्मार्ट गैजेट आपकी जिंदगी बचा सकते हैं लेकिन इन सबसे ज्यादा जरूरी है आपकी अपनी सूझबूझ। अनजान शख्स से बातचीत में उचित दूरी बनाए रखना और उन्हें घर में न घुसने देना सबसे बड़ा सुरक्षा मंत्र है।
