Delhi News: विजय विहार फेज-2 में गुरुवार को एक मामूली बात को लेकर दोस्ती का खूनी मंजर देखने को मिला। पार्टी देने से मना करने पर एक युवक ने अपने ही दोस्त पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। 40 वर्षीय पीड़ित राकेश टेम्पो चलाकर परिवार का पेट पालते हैं। नया फ्लैट खरीदने की खुशी में पार्टी न दे पाने की बात इतनी बढ़ी कि आरोपी ने उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की।
पहले भी दे चुके थे पार्टी, फिर भी हो रही थी जिद
राकेश ने बताया कि लाल क्वार्टर में रहने वाला उनका दोस्त राजा उर्फ मानू बार-बार उनसे फ्लैट की पार्टी की मांग कर रहा था। कुछ समय पहले उन्होंने राजा को पार्टी दे भी दी थी, लेकिन वह फिर से जिद करने लगा। राकेश ने उसे समझाया कि अभी पैसे नहीं हैं, रुपये आने पर दोबारा पार्टी जरूर देंगे। मगर आरोपी इस बात पर लगातार अड़ा रहा।
दुकान पर बैठे थे, अचानक पहुंचा आरोपी
गुरुवार को राकेश अपने फ्लैट के नीचे दोस्त सूरज की कार वाशिंग की दुकान पर बैठे हुए थे। तभी राजा अचानक वहां आ धमका और फिर से पार्टी की मांग पर अड़ गया। जब राकेश ने कुछ दिन बाद देने की बात कही तो आरोपी ने अपशब्द कहने शुरू कर दिए। आसपास के लोगों ने भी इसका विरोध किया तो राजा का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
हथौड़े से तोड़ा टेम्पो का शीशा
गुस्से में पागल राजा ने सूरज की दुकान से हथौड़ा उठा लिया और सीधे जाकर राकेश के टेम्पो का शीशा तोड़ डाला। इस दौरान वह लगातार गाली-गलौज करता रहा और पूरे मोहल्ले में डर का माहौल बन गया। पीड़ित ने जब इस हरकत का विरोध किया तो आरोपी और ज्यादा भड़क गया और फिर उसने कुछ ऐसा कदम उठाया जिसकी किसी ने कल्पना तक नहीं की थी।
पेट्रोल की बोतल लाकर उड़ेल दिया
आरोपी राजा वहां से तुरंत गायब हुआ और कुछ ही देर में पेट्रोल से भरी एक बोतल लेकर लौटा। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उसने बिना किसी हिचकिचाहट के राकेश के ऊपर पूरा पेट्रोल उड़ेल दिया। इसके बाद उसने जेब से माचिस निकाली और तीली जलाकर राकेश पर फेंक दी। आग की लपटों में घिरे राकेश को देखकर आरोपी धमकी देता हुआ वहां से फरार हो गया।
पत्नी और दोस्त ने बुझाई आग
मौके पर मौजूद राकेश की पत्नी सोनी ने जैसे-तैसे हिम्मत दिखाई और सूरज की मदद से किसी तरह पीड़ित के शरीर पर लगी भीषण आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक राकेश बुरी तरह झुलस चुके थे। उन्हें तुरंत सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
राकेश अपनी पत्नी सोनी और चार बच्चों के साथ मुश्किल से गुजर-बसर कर रहे थे। एक माह पहले ही उन्होंने बड़ी मेहनत से विजय विहार फेज-2 में अपना सपनों का फ्लैट खरीदा था। लेकिन इस घटना ने परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। परिवार ने बताया कि राजा करीब दो साल से उनका परिचित था और अक्सर घर आता-जाता था। किसी को उम्मीद नहीं थी कि वह ऐसा कदम उठाएगा। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। सभी की मांग है कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
