Greater Noida News: ईकोटेक तीन कोतवाली क्षेत्र के जलपुरा गांव में बुधवार की रात खुशियों वाली शादी का माहौल अचानक रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। यहां एक घर के सामने गाड़ी खड़ी करने जैसी मामूली बात पर ग्रामीणों ने बारातियों पर जानलेवा हमला बोल दिया। लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से किए गए इस हमले में कई बाराती लहूलुहान हो गए। पीड़ित पक्ष ने विशेष समुदाय के लोगों पर मारपीट, गाड़ियों में तोड़फोड़ और लूटपाट के प्रयास का गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद
एडीसीपी आरके गौतम के अनुसार, दिल्ली के कोंडली गांव से एक बारात जलपुरा गांव आई थी। इस बारात में सूरजपुर निवासी योगेंद्र कुमार अपने परिवार के साथ शिरकत करने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी गाड़ी सड़क किनारे एक घर के सामने पार्क की थी। जब योगेंद्र और अन्य बाराती वापस लौटने लगे, तभी स्थानीय ग्रामीणों ने वहां गाड़ी खड़ी करने पर आपत्ति जताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने हिंसक रूप धारण कर लिया।
सिर पर किया वार और सोने की चैन लूटने का प्रयास
पीड़ित योगेंद्र ने बताया कि हमलावरों ने बारातियों को घेरकर उन पर लाठी-डंडों से हमला किया। इस हमले में योगेंद्र के पैर और उनके बेटे के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। कई अन्य बारातियों के सिर भी फट गए हैं। आरोप है कि हमलावरों ने न केवल बारातियों को पीटा, बल्कि उनकी गाड़ियों को भी निशाना बनाकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। कुछ बारातियों ने दावा किया कि अराजक तत्वों ने उनके गले से सोने की चैन छीनने की भी कोशिश की।
12 नामजद आरोपित, चार को पुलिस ने दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जिसे देखकर हमलावर भाग खड़े हुए। पीड़ित दीपक की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यासीन, युसूफ, वकील, आरिफ, नदीम, आलम, जुनैद, माजिद, सद्दाम, फिरोज, कालू और शोएब समेत 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने चार मुख्य आरोपितों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।


