Bihar News: पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने आम आदमी पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हुए राघव चड्ढा और छह अन्य सांसदों पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने पंजाब सरकार से चड्ढा के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेजने की मांग की है। साथ ही भाजपा पर ईडी, सीबीआई और चुनाव आयोग के जरिए विपक्ष खत्म करने का आरोप लगाया। पप्पू यादव ने यह भी संकेत दिया कि नीतीश और शिंदे की तरह चंद्रबाबू नायडू को भी जल्द किनारे किया जा सकता है।
राघव चड्ढा पर केस दर्ज कर जेल भेजने की मांग
पप्पू यादव ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि राघव चड्ढा ने चंदे पर चुनाव लड़ा था लेकिन करोड़ों के कपड़े पहनते हैं और लंदन में आलीशान घर है। आरोप लगाया कि इन लोगों ने पंजाब को बुरी तरह लूटा है। पप्पू यादव ने जोर देकर कहा कि अगर पंजाब में उनकी पार्टी की सरकार होती तो अब तक राघव चड्ढा को जेल में डाल दिया गया होता। उन्होंने राज्य सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
BJP पर चुनाव हैकिंग और सहयोगियों को किनारे करने का आरोप
बीजेपी पर निशाना साधते हुए पप्पू यादव ने कहा कि यह पार्टी हैकिंग के जरिए चुनाव जीतती है और ईडी, सीबीआई के बल पर विरोधियों को खत्म करती है। उन्होंने दावा किया कि हालिया घटनाक्रम ने साबित कर दिया है कि नीतीश कुमार को तीन महीने में किनारे कर दिया गया। ठीक उसी तरह महाराष्ट्र में शिंदे के नाम पर चुनाव जीतने के बाद उन्हें भी हाशिए पर डाल दिया गया। पप्पू यादव ने कहा कि अगली बारी चंद्रबाबू नायडू की है।
सहयोगी दलों को भी सावधान रहने की नसीहत
सांसद ने एनडीए के सहयोगी दलों को आगाह करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जिस तरह सभी राजनीतिक दलों को टारगेट कर रही है, उसमें सभी को संभल जाना चाहिए। उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि आपस में लड़ने की बजाय एकजुट होकर भाजपा की सरकार गिरानी चाहिए। पप्पू यादव ने यह साफ शब्दों में कहा कि 2027 से पहले या 2027 में ही इस सरकार को सत्ता से बेदखल करने का लक्ष्य होना चाहिए।
योगी आदित्यनाथ पर भी साधा निशाना, बृजभूषण को बताया मजबूत नेता
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने योगी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बृज भूषण सिंह कभी मुलायम सिंह यादव के करीबी रहे तो कभी अमित शाह के। अगर योगी आदित्यनाथ उन्हें सम्मान नहीं देते तो यह स्थिति सही नहीं है। पप्पू यादव ने माना कि गोरखपुर में योगी का दबदबा हो सकता है लेकिन बृज भूषण अपने इलाके में आज भी बड़ी ताकत हैं।
