Rajasthan News: राजस्थान एटीएस (ATS) ने पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) और खालिस्तानी समर्थकों के संपर्क में रहने वाले गुरविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पंजाब के तरनतारन जिले से पकड़ा गया, जिसे अब पूछताछ के लिए जयपुर लाया गया है। जांच में खुलासा हुआ है कि गुरविंदर पिछले साल दिसंबर में जयपुर के एक होटल में काम करता था। इसी दौरान वह इंटरनेट मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी आकाओं और आतंकी समूहों के सक्रिय संपर्क में आया था।
इंटरनेट मीडिया पर खालिस्तानी एजेंडे का प्रचार
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि गुरविंदर सिंह लगातार ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ जैसे प्रतिबंधित संगठनों के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर साझा कर रहा था। वह फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर पाकिस्तान और खालिस्तान के समर्थन में भड़काऊ पोस्ट डालता था। जयपुर में दो महीने के प्रवास के दौरान उसने कई संवेदनशील जानकारियां सार्वजनिक की थीं। राजस्थान एटीएस की विशेष टीम लगातार उसके डिजिटल फुटप्रिंट्स पर नजर रख रही थी, जिससे उसके देशविरोधी मंसूबों का पता चला।
बीएसएफ चौकी का वीडियो पाकिस्तान भेजने का आरोप
गुरविंदर की गिरफ्तारी के बाद उसके मोबाइल और फेसबुक चैट की जांच में चौंकाने वाले साक्ष्य मिले हैं। आरोपी ने पंजाब के तरनतारन में स्थित सीमा सुरक्षा बल (BSF) की एक महत्वपूर्ण चौकी का वीडियो रिकॉर्ड कर पाकिस्तान भेजा था। एटीएस के पास उसके और टीआरएफ (TRF) के सदस्यों के बीच हुई बातचीत के पुख्ता प्रमाण मौजूद हैं। यह मामला सीधे तौर पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है, इसलिए अब विभिन्न केंद्रीय जांच एजेंसियां भी उससे पूछताछ करने की तैयारी में हैं।
जयपुर में ठहरने के दौरान जुटाए गए राज
जांच एजेंसियां अब इस बात पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं कि जयपुर में रहने के दौरान गुरविंदर किन लोगों के संपर्क में था। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उसने राजस्थान की किसी संवेदनशील जगह की रेकी की थी या किसी स्थानीय स्लीपर सेल की मदद ली थी। फिलहाल उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि टेरर नेटवर्क की अन्य कड़ियों को जोड़ा जा सके। उसकी गिरफ्तारी को राजस्थान पुलिस की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

