Rajasthan News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंगलवार को प्रस्तावित राजस्थान दौरा अचानक स्थगित कर दिया गया है। बालोतरा जिले के पचपदरा में स्थित एचआरआरएल (HRRL) रिफाइनरी में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस हादसे के कारण प्रधानमंत्री के हाथों होने वाला रिफाइनरी का लोकार्पण कार्यक्रम टालना पड़ा। राजस्थान सरकार और मुख्यमंत्री कार्यालय ने कार्यक्रम रद्द होने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। फिलहाल दमकल की दो दर्जन से अधिक गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं।
लोकार्पण से ठीक पहले धू-धू कर जली रिफाइनरी
पचपदरा रिफाइनरी में सोमवार दोपहर अचानक लपटें उठने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार आग रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास लगी थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हादसे के समय उद्घाटन की तैयारियां जोरों पर थीं। प्रधानमंत्री को मंगलवार 21 अप्रैल को इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट का उद्घाटन करना था। साथ ही उन्हें एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करना था। आगजनी की घटना ने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों पर पानी फेर दिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का दौरा भी हुआ रद्द
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम स्थगित होने के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पचपदरा दौरा भी रद्द कर दिया गया है। मुख्यमंत्री को आज शाम 4:00 बजे जयपुर से रवाना होना था। लोकार्पण की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उनका वहां पहुंचना तय था। कार्यक्रम रद्द होने की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री अपने आवास पर ही रुक गए। सरकारी सूत्रों के अनुसार सुरक्षा कारणों और तकनीकी खराबी के चलते यह बड़ा फैसला लिया गया है।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने दी हादसे की जानकारी
इस गंभीर घटनाक्रम पर पेट्रोलियम मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए स्थिति स्पष्ट की है। मंत्रालय ने बताया कि क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास आग लगने की वजह से 21 अप्रैल का कार्यक्रम टाल दिया गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। मंत्रालय ने दावा किया है कि आग पर अब काबू पा लिया गया है। पूरी घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
एनर्जी सिक्योरिटी के लिए अहम था यह प्रोजेक्ट
पचपदरा रिफाइनरी भारत का पहला ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स है। यह हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और राजस्थान सरकार का संयुक्त उपक्रम है। यह प्रोजेक्ट भारत की आयात निर्भरता कम करने और घरेलू ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस आगजनी से रिफाइनरी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। लोकार्पण की नई तारीखों का ऐलान तकनीकी जांच के बाद जल्द किया जाएगा।
