दिल्ली से लौटे सुप्रीम कोर्ट के वकील की बेकाबू कार ने ली जान, परिजन बोले- ‘साजिश का शक’

Jharkhand News: जमशेदपुर के ओलीडीह थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दिल्ली से लौटे सुप्रीम कोर्ट के होनहार अधिवक्ता शशिभूषण (38) की तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। घटना डिमना रोड पर माउंट व्यू स्कूल के पास की है। हालांकि पुलिस इसे हादसा मान रही है, लेकिन चश्मदीदों और परिजनों के बयानों ने साजिश के शक को जन्म दे दिया है।

दिल्ली से लौटे कुछ घंटे बाद ही हुआ हादसा

मानगो की सुभाष कॉलोनी निवासी शशिभूषण गुरुवार सुबह दिल्ली से घर लौटे थे। वह सुप्रीम कोर्ट में वकालत करते थे। साथ ही न्यायिक सेवा की परीक्षा देकर जज बनने की तैयारी कर रहे थे। घर पर थोड़ी देर रुकने के बाद वह अपनी स्कूटी से किसी काम के लिए निकले। डिमना रोड पर वह स्कूटी को सड़क से किनारे सुरक्षित जगह खड़ी करके मोबाइल पर बात करने लगे। तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

कार ने शव को 50 मीटर तक घसीटा, मौके पर मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने अचानक अपनी दिशा बदली और सीधे शशिभूषण को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार वकील और उनकी स्कूटी को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इस दर्दनाक हादसे में शशिभूषण की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने उठाए गंभीर सवाल, साजिश का आरोप

मृतक के भाई शशि शेखर और अन्य लोगों ने इस घटना के पैटर्न पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिस जगह पर शशिभूषण खड़े थे, वहां सामान्य रूप से कोई वाहन नहीं जा सकता था। कार को जानबूझकर उनकी ओर मोड़ा गया था। परिजनों ने आशंका जताई कि दिल्ली से लौटने के कुछ ही घंटों में यह हादसा किसी गहरी साजिश का हिस्सा हो सकता है। वकील का न्यायिक करियर और सुप्रीम कोर्ट से जुड़ाव इस शक को और गहरा कर रहा है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच और चालक का दावा

वहीं, ओलीडीह पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में चालक ने बताया कि उसकी कार के सामने अचानक ऑटो आ गया। उसने ऑटो को बचाने के चक्कर में नियंत्रण खो दिया और गाड़ी स्कूल की दीवार के पास खड़े वकील से जा टकराई। पुलिस ने भाई की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। अब मामले की सच्चाई जानने के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फरार चालक की तलाश में छापेमारी जारी है। आगे की जांच सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

SOURCE: न्यूज एजेंसी
/ month
placeholder text

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories