Bihar News: बिहार के भागलपुर जिले के रंगरा थाना क्षेत्र के सधुआ गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज डेढ़ बीघा जमीन के लालच में एक छोटे भाई ने अपने ही सगे बड़े भाई की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान फुलेश्वर यादव के रूप में हुई है, जो चंडीगढ़ में राजमिस्त्री का काम करते थे। हत्या को इतनी बेरहमी से अंजाम दिया गया कि आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के लिए बड़े भाई के शव को घर की पानी की टंकी में फेंक दिया।
मां के घायल होने पर चंडीगढ़ से लौटा था घर, मिली मौत
फुलेश्वर यादव अपनी मेहनत की कमाई से परिवार का भरण-पोषण करने के लिए चंडीगढ़ में रहते थे। चार दिन पहले ही उन्हें सूचना मिली थी कि उनकी मां घायल हो गई हैं, जिसके बाद वह अपनी मां की सेवा करने घर लौटे थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस छोटे भाई के साथ वह बचपन में खेले, वही उनकी जान का दुश्मन बन जाएगा। बुधवार की रात जब फुलेश्वर छत पर गहरी नींद में सो रहे थे, तभी छोटे भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दे दिया।
जमीन बेचकर अब बड़े भाई की प्रॉपर्टी पर थी छोटे भाई की नजर
मृतक की मां कौशल्या देवी ने इस पूरे हत्याकांड का राज खोलते हुए बताया कि दोनों भाइयों के बीच डेढ़-डेढ़ बीघा जमीन का बंटवारा हुआ था। छोटा भाई रुदल सिंह अपनी हिस्से की पूरी जमीन पहले ही बेच चुका था। अब उसकी नजर बड़े भाई की जमीन पर थी ताकि वह उस पर कब्जा कर लोन ले सके। इसी लालच में रुदल सिंह ने अपनी पत्नी अंजू देवी और साले शत्रुघ्न सिंह के साथ मिलकर सोते समय फुलेश्वर का गला घोंट दिया और शव को टंकी में डालकर फरार हो गया।

ग्रामीणों को शक होने पर खुली पोल, पुलिस की छापेमारी जारी
गुरुवार शाम तक जब फुलेश्वर का कहीं पता नहीं चला और आरोपी भाई का पूरा परिवार रहस्यमय ढंग से गायब मिला, तो ग्रामीणों को शक हुआ। घर की तलाशी के दौरान पानी की टंकी से फुलेश्वर का शव बरामद होते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन बेटों और एक मासूम बेटी को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। रंगरा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
