दुकान के बाहर बैठे बाप-बेटे पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला, हिमाचल के नाहन में मची भारी सनसनी; देखें वायरल वीडियो

Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए अपराधियों ने खूनी खेल खेला है। नाहन के कोलर गांव में सोमवार देर शाम दुकान के बाहर बैठे बाप-बेटे पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर आए थे। इस हमले में दोनों बुरी तरह घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत मेडिकल कॉलेज नाहन में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हमले के पीछे शनिवार को हुआ एक विवाद मुख्य वजह है। दरअसल, शनिवार को एक बेकाबू टिप्पर ने एक बच्चे को टक्कर मार दी थी। उस समय मौके पर काफी बहस और तनातनी हुई थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते हमलावरों ने बाप-बेटे को निशाना बनाया। अपराधियों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ वार किए, लेकिन पीड़ितों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।

डॉ. राजीव बिंदल ने दी प्रशासन को 24 घंटे की चेतावनी

घटना की सूचना मिलते ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों का कुशलक्षेम जाना और इस घटना की कड़ी निंदा की। बिंदल ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि हिमाचल में कानून का इकबाल खत्म हो चुका है। उन्होंने पुलिस को अल्टीमेटम दिया है कि यदि 24 घंटे के भीतर हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो जनता सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करेगी। उन्होंने इसे सोची-समझी साजिश करार दिया है।

डॉ. बिंदल ने क्षेत्र में चल रहे अवैध और बेलगाम टिप्पर संचालकों पर भी कड़ा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पांवटा साहिब से कालाअम्ब तक सड़कों पर मौत बनकर दौड़ रहे टिप्परों पर प्रशासन की कोई पकड़ नहीं है। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद अधिकारी इन पर कार्रवाई करने से कतरा रहे हैं। स्थानीय निवासियों में भी इस घटना के बाद भारी रोष व्याप्त है। लोग अब आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Hot this week

Related News

Popular Categories