Uttar Pradesh News: मेरठ के पीवीएस रोड पर गुरुवार शाम एक बेकरी दुकानदार को पैसे मांगना भारी पड़ गया। नशे में धुत दो बदमाशों ने पेस्ट्री के रुपये मांगने पर राहुल पाल नामक युवा व्यापारी के सीने में गोली उतार दी। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने यक्ष ऐप और सीसीटीवी फुटेज की मदद से महज दो घंटे के भीतर दोनों हमलावरों विकास त्यागी और गौरव वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की कार भी बरामद कर ली है।
कार नंबर से खुली हत्यारों की पहचान, यक्ष ऐप ने किया कमाल
सीओ शुचिता सिंह के अनुसार आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी में यक्ष ऐप ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने बताया कि जैसे ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से ब्रेजा कार का नंबर ट्रेस किया गया, उसे यक्ष ऐप पर डाल दिया गया। इस पर गाड़ी मालिक की पूरी डिटेल और फोटो सामने आ गई। तुरंत सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया। किठौर अड्डे के पास परीक्षितगढ़ पुलिस ने सघन चेकिंग के दौरान दोनों को कार समेत धर दबोचा।
नशे में दुकान पहुंचे थे आरोपी, पैसे मांगने पर भड़के
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि गौरव वर्मा अक्सर विकास त्यागी के साथ ही रहता था। वारदात वाली शाम दोनों ने शराब पी रखी थी और न्यू डिलीशियस बेकर्स पर पहुंचे। यहां उन्होंने पेस्ट्री खाईं और जब दूसरी बार पेस्ट्री लेने लगे तो दुकानदार राहुल पाल ने पहली बार के पैसे मांग लिए। पैसों की यह मांग दोनों को इतनी नागवार गुजरी कि वे गुस्से में बाहर गए, कार से पिस्टल निकाली और राहुल पर गोली चला दी। गोली उसके सीने के नीचे लगी।
परिवार ने मांगी गैंगस्टर की कार्रवाई, व्यापारियों में दहशत
घायल राहुल पाल को कर्मचारियों ने परिवार की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन तो कर दिया, लेकिन उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। पीड़ित पिता बिजेंद्र पाल ने बताया कि घटना के बाद से दुकान के सभी कर्मचारी सहमे हुए हैं। पीवीएस रोड की यह दुकान शुक्रवार को बंद रही। परिवार ने आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।
गौरव का पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड, विकास के भाई पर भी केस
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गोली चलाने वाला आरोपी गौरव वर्मा कोई पहली बार का अपराधी नहीं है। उसका पहले से ही आपराधिक रिकॉर्ड मिला है। वहीं दूसरे आरोपी विकास त्यागी के भाई का भी पुराना क्रिमिनल इतिहास पाया गया है। इन खुलासों के बाद पीड़ित परिवार और इलाके के व्यापारियों का गुस्सा और बढ़ गया है। व्यापारी नेता और भाजपा नेता लगातार अस्पताल और परिवार के घर पहुंचकर हर संभव मदद और कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का भरोसा दिला रहे हैं।
