Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के शिक्षा सुधारों का असर संस्कृत बोर्ड के नतीजों में साफ झलका है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद, लखनऊ ने शुक्रवार को वर्ष 2026 की तीनों प्रमुख परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए। पूर्व मध्यमा द्वितीय (कक्षा 10) में रिकॉर्ड 95.91 प्रतिशत छात्र सफल हुए। उत्तर मध्यमा प्रथम में 94.40 प्रतिशत और उत्तर मध्यमा द्वितीय (कक्षा 12) में 94.86 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की। परीक्षाफल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर देखा जा सकता है।
कन्नौज के सुजीत ने 10वीं में किया टॉप, 94.43% अंक हासिल
पूर्व मध्यमा द्वितीय यानी कक्षा 10 की मेरिट सूची में कन्नौज के सुजीत कुमार ने प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने 700 में से 661 अंक प्राप्त कर 94.43 प्रतिशत का शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे नंबर पर प्रतापगढ़ की खुशबू सरोज रहीं, जिन्होंने 660 अंक यानी 94.29 प्रतिशत हासिल किए। तीसरा स्थान प्रतापगढ़ के ही मुलायम सिंह यादव और प्रियंका सरोज ने संयुक्त रूप से 653 अंकों के साथ साझा किया। दोनों के अंकों का प्रतिशत 93.29 रहा।
12वीं में प्रतापगढ़ के रजनीश यादव अव्वल, लड़कियों का दबदबा
उत्तर मध्यमा द्वितीय यानी 12वीं की परीक्षा में प्रतापगढ़ के रजनीश यादव ने 1400 में से 1251 अंक लेकर प्रदेश में टॉप किया। उनका स्कोर 89.36 प्रतिशत रहा। दूसरे स्थान पर प्रतापगढ़ की ही वंशिका श्रीवास्तव ने 1199 अंकों के साथ सफलता हासिल की। तीसरे स्थान पर प्रतापगढ़ की काजल और अमरोहा की संस्कृति ने संयुक्त रूप से 1196 अंक प्राप्त कर जिले और परिवार का नाम रोशन किया। 12वीं के नतीजों में बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 95.95 रहा, जो बालकों के 94.47 प्रतिशत से अधिक है।
हर क्लास में लड़कियों ने लड़कों को पीछे छोड़ा
इस वर्ष का परिणाम लैंगिक समानता की दृष्टि से भी बेहद उत्साहजनक रहा है। तीनों ही कक्षाओं में छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया। पूर्व मध्यमा द्वितीय में जहां बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.64 रहा, वहीं बालकों का 95.68 रहा। उत्तर मध्यमा प्रथम में बालिकाओं ने 94.62 प्रतिशत और बालकों ने 94.33 प्रतिशत अंक हासिल किए। उत्तर मध्यमा द्वितीय में बालिकाओं ने 95.95 प्रतिशत के मुकाबले बालकों ने 94.47 प्रतिशत परिणाम दर्ज कराया। यह आंकड़ा इस बात का सबूत है कि संस्कृत शिक्षा में बेटियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
सीसीटीवी और कंट्रोल रूम की कड़ी निगरानी में हुई परीक्षा
19 फरवरी से 28 फरवरी 2026 के बीच आयोजित इन परीक्षाओं में प्रदेश के 1,091 संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राओं ने 241 केंद्रों पर भाग लिया। नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी सेंटरों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी गई। राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से रियल टाइम मॉनिटरिंग की गई। हर दिन की उपस्थिति ऑनलाइन अपलोड की गई। 7 से 20 मार्च के बीच 13 केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य सुचारू रूप से पूरा कराया गया। शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी है।
