West Bengal News: टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 21.5% उछलकर 419.1 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। इस शानदार वित्तीय नतीजे और भारी भरकम डिविडेंड की घोषणा के बाद सोमवार को कंपनी के शेयरों में जोरदार लिवाली देखी गई। बाजार खुलते ही शेयर की कीमत करीब 6.58% की तेजी के साथ 1,253.60 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।
मुनाफे और रेवेन्यू में जोरदार उछाल
टाटा कंज्यूमर के ऑपरेशन्स से होने वाले रेवेन्यू में इस तिमाही के दौरान 17.9% की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले साल की समान अवधि के 4,608 करोड़ रुपये के मुकाबले यह आंकड़ा अब 5,434 करोड़ रुपये हो गया है। ऑपरेटिंग फ्रंट पर कंपनी का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा है। कंपनी का EBITDA पिछले साल के 621 करोड़ रुपये से 27.6% बढ़कर 792 करोड़ रुपये रहा। इसके साथ ही EBITDA मार्जिन में भी सुधार हुआ और यह 13.5% से बढ़कर 14.6% के स्तर पर पहुंच गया।
17 साल बाद सबसे बड़ा डिविडेंड धमाका
कोलकाता मुख्यालय वाली इस कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए 2009 के बाद से सबसे बड़े डिविडेंड भुगतान की सिफारिश की है। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने वित्त वर्ष 2026 के लिए प्रति इक्विटी शेयर 10 रुपये का डिविडेंड देने का प्रस्ताव रखा है। यह फैसला कंपनी की आगामी 63वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में निवेशकों की मंजूरी के बाद प्रभावी होगा। कंपनी की योजना के अनुसार, पात्र शेयरधारकों को इस डिविडेंड का भुगतान 15 जून, 2026 या उसके बाद बैंक खातों में सीधे कर दिया जाएगा।
इंडिया ब्रांडेड और संपन्न बिजनेस की धमक
भारत में कंपनी के ब्रांडेड बिजनेस ने इस तिमाही में 16% की मजबूत वॉल्यूम ग्रोथ हासिल की है। विशेष रूप से ‘इंडिया फूड्स’ बिजनेस के रेवेन्यू में 21% का बड़ा इजाफा हुआ है। टाटा संपन्न ब्रांड ने अपने प्रदर्शन से सभी को चौंकाया है और तिमाही के दौरान इसके रेवेन्यू में 69% की भारी वृद्धि देखी गई। नमक कारोबार यानी साल्ट सेगमेंट में भी लगातार पांचवीं तिमाही में डबल-डिजिट ग्रोथ जारी रही। कंपनी ने टाटा सॉल्ट लो-सोडियम और प्रोटीन-बेस्ड स्नैक्स जैसे नए उत्पाद लॉन्च करके अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाई है।
इंटरनेशनल ऑपरेशन्स और स्टारबक्स का जलवा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी टाटा कंज्यूमर का दबदबा बरकरार रहा और वहां से मिलने वाले रेवेन्यू में 21% की वृद्धि हुई। अमेरिका में कॉफी की मजबूत मांग ने कंपनी के इंटरनेशनल बिजनेस को जबरदस्त सहारा दिया है। एट ओ’क्लॉक कॉफी ने अमेरिकी बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत की है। इसके अलावा, टाटा स्टारबक्स ने भी लगातार तीसरी तिमाही में अपनी ‘सेम-स्टोर सेल्स’ में सकारात्मक सुधार दर्ज किया है। वैश्विक स्तर पर प्रीमियम बेवरेज पोर्टफोलियो का विस्तार कंपनी की भविष्य की विकास रणनीति का अहम हिस्सा बन गया है।

