Himachal News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगामी हिमाचल दौरे को लेकर कुल्लू और लाहुल-स्पीति प्रशासन हाई अलर्ट पर है। महामहिम 29 अप्रैल को सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अटल टनल रोहतांग का दीदार करेंगी। राष्ट्रपति के इस दौरे को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए विशेष गाइडलाइन जारी की है। इस दौरान अटल टनल और आसपास के इलाकों में आम वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी।
पलचान और सोलंगनाला में कड़े नाके, पर्यटकों की एंट्री पर रोक
राष्ट्रपति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने अभेद्य घेरा तैयार किया है। मंडी रेंज के डीआईजी राहुल नाथ ने बताया कि 29 अप्रैल को सुबह छह बजे के बाद किसी भी वाहन को पलचान से आगे जाने की अनुमति नहीं मिलेगी। पर्यटकों के लिए सोलंगनाला में दूसरा नाका लगाया जाएगा। स्थानीय ग्रामीण पलचान से सोलंग तक जा सकेंगे, लेकिन उससे आगे आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। सैलानी इस दौरान केवल गुलाबा की ओर ही रुख कर पाएंगे।
लाहुल से मनाली आने वाले रास्तों पर भी सन्नाटा
सुरक्षा कारणों से लाहुल की ओर से मनाली आने वाले वाहनों पर भी पाबंदी लगाई गई है। सुबह साढ़े सात बजे के बाद लाहुल से किसी भी वाहन को मनाली की ओर प्रवेश नहीं मिलेगा। यह प्रतिबंध दोपहर एक बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान पैदल आवाजाही पर भी रोक रहेगी। केवल वैध पास धारक और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के वाहनों को ही निकलने की अनुमति होगी। दोपहर एक बजे के बाद ही ट्रैफिक को सामान्य रूप से सुचारू किया जाएगा।
350 जवान संभालेंगे मोर्चा, पुलिस ने तैयार किया रोटरी प्लान
डीआईजी राहुल नाथ ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के बाद कहा कि राष्ट्रपति की सुरक्षा में 350 पुलिस जवान तैनात रहेंगे। पुलिस ने राष्ट्रपति के काफिले और जनता की सुविधा के लिए एक विशेष ‘रोटरी ट्रैफिक प्लान’ तैयार किया है। पुलिस अधिकारियों ने पर्यटकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण दौरे को सफल बनाने में सहयोग करें। लाहुल जाने की योजना बना रहे लोग समय और रूट का विशेष ध्यान रखें ताकि उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
अटल टनल की बारीकियां समझेंगी राष्ट्रपति मुर्मु
अपने इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अटल टनल की इंजीनियरिंग और इसकी बारीकियों के बारे में जानकारी लेंगी। समुद्र तल से 10,000 फीट की ऊंचाई पर बनी यह टनल दुनिया की सबसे लंबी सिंगल ट्यूब हाईवे टनल है। राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर टनल के भीतर और बाहर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों के साथ कोई समझौता नहीं होगा और गाइडलाइंस का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
